
हारकर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं… और पहला मैच हारकर फिर हर मुकाबला जीतने वाले को ‘द हंड्रेड’ में ट्रेंट रॉकेट्स कहते हैं. इंग्लैंड की इस लीग में ट्रेंट रॉकेट्स ने जिस अंदाज में नया सीजन शुरू किया था, उसे देखकर शायद ही किसी को अंदाजा होगा कि आने वाले दिनों में ये टीम ही पॉइंट्स टेबल पर राज करेगी. सैम बिलिंग्स की कप्तानी वाली ट्रेंट रॉकेट्स ने इस सीजन के अपने सातवें मैच में MI लंदन को 6 विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही पॉइंट्स टेबल में इस टीम ने पहले नंबर पर अपनी बढ़त को मजबूत कर लिया.
ट्रेंट की एक और दमदार जीत
शनिवार 8 अगस्त को खेले गए मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स ने लंदन से मिले 148 रन के लक्ष्य को 90 गेंदों में हासिल कर लिया. सैम करन की कप्तानी वाली लंदन ने इस मैच में पहले बैटिंग की और 147 रन बनाए. टीम के लिए खुद कप्तान करन ने सबसे बड़ी पारी खेली. स्टार बल्लेबाजों की नाकामी के बीच करन ने 46 गेंदों में ही 72 रन कूट डाले, जिसमें 5 छक्के और 4 चौके शामिल थे. उनके अलावा विल जैक्स ने भी 39 रन बनाए.
फिर बारी ट्रेंट रॉकेट्स की थी. नॉटिंघम की इस फ्रेंचाइजी ने सिर्फ 46 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसमें कप्तान बिलिंग्स और फिन ऐलन जैसे बल्लेबाज थे. साथ ही 30 गेंदें भी खर्च हो चुकी थीं. मगर इसके बाद अगली 60 गेंदों में ही रॉकेट्स ने 102 रन कूट दिए और 10 गेंद पहले मैच अपने नाम कर लिया. उसकी जीत की वजह ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर रहे, जिन्होंने छठे नंबर पर आकर सिर्फ 23 गेंदों में अंधाधुंध 52 रन कूटे और जीत दिलाकर ही दम लिया. उनके अलावा टिम डेविड ने भी 32 रन बनाए.
पूरे सीजन रॉकेट जैसी रफ्तार
ट्रेंट रॉकेट्स की इस सीजन में ये 7 मैच में कुल छठी जीत है. ट्रेंट की शुरुआत सीजन में अच्छी नहीं रही थी और पहले ही मैच में उसे बर्मिंघम फीनिक्स से 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था. मगर इसके बाद अगले लगातार 6 मैच में इस टीम ने जीत दर्ज कर ली है, जिसमें फीनिक्स से लिया बदला भी शामिल है. लगभग हर मैच में टीम ने दबदबे के साथ जीत हासिल की. अपने नाम को साकार करते हुए रॉकेट की तरह टीम ने रफ्तार पकड़ी और अब सबसे ज्यादा 24 पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर है. साथ ही टीम की शीर्ष 3 में जगह भी पक्की हो गई है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/the-hundred-men-trent-rockets-wins-6th-match-in-a-row-beats-mi-london-by-6-wickets-3875213.html