Ads Area

IND vs BAN ODI-T20I: भारत-बांग्लादेश सीरीज पर फिर लटकी तलवार? एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से बढ़ा तनाव

IND vs BAN ODI-T20I: भारत-बांग्लादेश सीरीज पर फिर लटकी तलवार? एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से बढ़ा तनाव

भारत और बांग्लादेश के रिश्ते फिलहाल काफी नाजुक स्थिति में चल रहे हैं. पिछले 2 साल से दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक तल्खियां बढ़ी हैं, जिसका असर भारत-बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों पर भी दिखा है. यही कारण है कि 2 साल से भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा साकार नहीं हो सका है. इस साल सितंबर में इसे सफल बनाने की कोशिशें जारी हैं लेकिन अब पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस से इसका भविष्य फिर खतरे में पड़ता हुआ दिख रहा है.

टीम इंडिया को 2024 में बांग्लादेश दौरे पर जाना था, जहां दोनों टीम के बीच वनडे और टी20 सीरीज खेली जानी थी. मगर उसी साल बांग्लादेश में बवाल मच गया, जिसके कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री हसीना को देश छोड़कर भारत आना पड़ा. उसके बाद से ही हसीना भारत में रह रही हैं, जबकि बांग्लादेश में भारत विरोधी माहौल बना है. इसका असर IPL 2026 से लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक देखने को मिला था.

शेख हसीना की PC से बिगड़ी बात

मगर बीते महीनों बांग्लादेश में सरकार बदलने के बाद हालातों में कुछ सुधार दिख रहा था और यही कारण है कि भारतीय टीम को बुलाने के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पूरा जोर लगा रहा है. मगर इन कोशिशों के बीच नई दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस ने विवाद को बढ़ा दिया है. 5 अगस्त को हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हसीना ने दिसंबर में अपने देश लौटने का ऐलान किया था. मगर इसके बाद बांग्लादेशी सरकार की एक तीखी प्रतिक्रिया ने मामले को तूल दे दिया.

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भारत सरकार पर सवाल खड़े किए और दोनों देशों के रिश्तों में आ रहे सुधार की राह में रोड़ा बताया. बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने साथ ही इसे अपने देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया था और भारत सरकार के सामने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस और उनके विचारों से अपनी असहमति जाहिर की.

क्या रंग लाएगी तमीम की मुहिम?

मगर इस मामले ने एक बार फिर भारत-बांग्लादेश सीरीज को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है. बांग्लादेशी बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल इस सीरीज को आयोजित करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं. इस मामले में उन्होंने हाल ही में बांग्लादेशी विदेश राज्य मंत्री से मुलाकात भी की थी और सरकार के स्तर पर भारत को इस दौरे के लिए मनाने की अपील की थी. अब इस प्रेस कॉन्फ्रेंस और उसके बाद आए बयानों का इस सीरीज के भविष्य पर क्या असर पड़ता है, ये देखने वाला होगा.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/indian-cricket-team-tour-of-bangaldesh-under-threat-after-sheikh-hasina-press-conference-3874405.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad