
TNPL 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. 28 अगस्त को इसका फाइनल खेला जाना है. लेकिन, फाइनल किन दो टीमों के बीच होगा, उसमें बारिश अपना अहम रोल निभाता दिख रहा है. बारिश ने क्वालिफायर और एलिमिनेटर मुकाबले में तो अपना रंग दिखाया ही है. अब सवाल है कि क्या बारिश फाइनल मैच का भी फैसला करती दिखेगी?
ना क्वालिफायर हुआ, ना एलिमिनेटर
बारिश के चलते 23 अगस्त को TNPL 2026 का क्वालिफायर 1 नहीं खेला गया. वो मुकाबला शुरू तो हुआ मगर 4.5 ओवरों के खेल के बाद ही उसे रोकना पड़ गया. इसी तरह बारिश ने 24 अगस्त को खेले एलिमिनेटर मैच को भी नहीं होने दिया. इस मुकाबले में बस 3 ओवर ही फेंकी जा सकी. अब सवाल है कि जब ये मुकाबले बारिश के चलते हुए ही नहीं तो फिर इनका नतीजा निकला कैसे?
बारिश के चलते मैच रद्द, किन टीमों को फायदा?
क्वालिफायर 1 और एलिमिनेटर के बारिश के चलते रद्द होने से उन टीमों की बल्ले-बल्ले हो गई, जिन्होंने ग्रुप स्टेज पर अच्छा परफॉर्म किया था और पॉइंट्स टेबल में भी टॉप की टीमों में शुमार थे. क्वालिफायर 1 मुकाबला बारिश के चलते रद्द हुआ तो ग्रुप स्टेज तक पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर रहने के चलते मदुरै पैंथर्स को सीधे फाइनल का टिकट मिल गया. इसके अलावा दूसरी टीम त्रिची ग्रैंड चोलाज को क्वालिफायर 2 में प्रवेश मिला. क्वालिफायर 1 पॉइंट्स टेबल में टॉप की दो टीमों के बीच खेला जाता है.
इसी तरह एलिमिनेटर मैच का भी फैसला हुआ. इस मुकाबले में पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम कोवाल किंग्स को क्वालिफायर 2 का टिकट मिला. वहीं तिरूपुर तामिजान्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई. एलिमिनेटर मैच ग्रुप स्टेज पर पॉइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीम के बीच खेला जाता है.
क्या क्वालिफायर 2 और फाइनल में भी रहेगा बारिश का रोल?
TNPL 2026 का दूसरा क्वालिफायर 26 अगस्त को खेला जाएगा. सवाल है उसमें क्या होगा? इस मुकाबले के दौरान चेन्नई में मौसम साफ रहने की संभावना है. यानी, उम्मीद की जानी चाहिए कि कम से कम इस मैच का फैसला टीमों के मौजूदा परफॉर्मेन्स के दम पर हो. क्वालिफायर 2 त्रिची ग्रैंड चोलाज और कोवाल किंग्स के बीच खेला जाना है. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 28 अगस्त को मदुरै पैंथर्स के साथ फाइनल खेलेगी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/rain-play-key-role-in-tnpl-2026-madurai-panthers-enter-in-final-vida-kovai-kings-qualified-to-qualifier-2-3889187.html