
JJ Basson: साउथ अफ्रीकी क्रिकेट में एक नया सनसनीखेज तेज गेंदबाज उभरकर सामने आया है. सिर्फ 18 साल के तेज गेंदबाज जेजे बासन ने लॉयंस के लिए अपने फर्स्ट-क्लास डेब्यू पर ही इतिहास रच दिया है. बोलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बासन ने घातक गेंदबाजी करते हुए मैच में 99 रन देकर 11 विकेट चटकाए. यह साउथ अफ्रीका के फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास में किसी भी तेज गेंदबाज की ओर से डेब्यू मैच में दर्ज किए गए बेस्ट आंकड़े हैं.
मैदान से सीधे स्कूल के एग्जाम तक
लॉयंस की टीम इस मैच में अपने अहम तेज गेंदबाजों के बिना मैदान पर उतरी थी. लुथो सिपामला नामीबिया में चोटिल थे, वहीं क्वेना मफाका सीनियर नेशनल टीम के साथ थे. गेराल्ड कोएट्जी और कोडी यूसुफ ‘ए’ टीम की ड्यूटी पर थे और वियान मुल्डर निजी कारणों से उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में बासन ने बाकी दो युवा खिलाड़ियों के साथ गेंदबाजी की अगुवाई की और पहली ही पारी से कहर बरपा दिया. पहली पारी के अपने तीसरे ही ओवर में बासन ने ओपनर ब्लेड कैपल को बोल्ड किया. इसके बाद पिछले सीजन में 900 से ज्यादा रन बनाने वाले गेविन कपलान को पहली ही गेंद पर 0 पर चलता किया.
उन्होंने दो बार के टेस्ट कप्तान नील ब्रांड को भी बोल्ड किया. एक समय बोलैंड का स्कोर 6 विकेट पर 90 रन था और सभी छह विकेट बासन के खाते में दर्ज थे. बाद में 170 रन बनाने वाले शतकवीर लेहान बोथा को आउट कर बासन ने पहली पारी में 7 विकेट पूरे किए. दूसरी पारी में भी लॉयंस की ओर से दिए गए 279 के टारगेट के जवाब में बासन ने गिरे सभी 4 विकेट अपने नाम किए और मैच में 11 विकेट पूरे किए. हैरानी की बात यह है कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराने के ठीक बाद यह युवा सनसनी अब अपने स्कूल के एग्जाम में बैठने जा रहा है. यानी अभी उनकी स्कूल की पढ़ाई पूरी नहीं हुई है.
एलन डोनल्ड ने की रबाडा से तुलना
लॉयंस के गेंदबाजी कोच और महान पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनल्ड बासन के मुरीद हो गए हैं. डोनल्ड ने कहा, ‘यह ठीक वैसा ही एहसास है जैसा मैंने पहली बार कगिसो रबाडा को एडिलेड ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20I डेब्यू में गेंदबाजी करते देख महसूस किया था. कभी-कभार ऐसा बच्चा सामने आता है जो एक अनोखी खोज होता है और आप उसे संवारना चाहते हैं.’ डोनल्ड ने आगे हंसते हुए बताया कि बासन मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में बैठकर अपनी पढ़ाई कर रहे थे क्योंकि इस सप्ताह उनके आखिरी एग्जाम हैं. डोनल्ड ने जोर देकर कहा कि क्रिकेट से पहले स्कूल पूरा करना जरूरी है. एग्जाम के चलते बासन इस हफ्ते ब्लोमफोंटेन में नाइट्स के खिलाफ होने वाले मैच में भी नहीं खेलेंगे.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/south-africa-jj-basson-11-wickets-first-class-debut-lions-record-school-exams-3907100.html