
बुधवार 16 सितंबर को अजीत अगरकर लगातार चर्चाओं में रहे. उनकी अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमेटी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का ऐलान किया. ये ऐलान इसलिए भी खास था क्योंकि दावा किया जा रहा है कि बतौर चीफ सेलेक्टर अगरकर की ये आखिरी मीटिंग होगी. ऐसे में उत्सुकता थी कि क्या अगरकर कोई बड़ा फैसला लेते हैं? स्क्वॉड जब सामने आया तो 2 खिलाड़ियों के नाम ने चौंका दिया और उस पर सवाल उठ रहे हैं. ये नाम हैं- नमन धीर और आकिब नबी.
27 सितंबर से भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत होगी और इस सीरीज के लिए जिस स्क्वॉड का ऐलान किया, उसमें ही नमन धीर और आकिब नबी को जगह मिली है. इन दोनों को मौका मिलने की एक वजह वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह का एशियन गेम्स में व्यस्त होना है. मगर क्या ये दोनों खिलाड़ी ही सही विकल्प थे? क्या इन दोनों की जगह कोई अन्य दावेदार नहीं थे?
नबी के सेलेक्शन पर इसलिए सवाल
इन सवालों के उठने की वजह भी है. सबसे पहले बात आकिब नबी की. जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज को हाल ही में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए चुना गया था. ये सेलेक्शन इसलिए तार्किक था क्योंकि नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में गेंद से कहर बरपाया था. मगर इसके आधार पर वनडे सीरीज के लिए चयन समझ से परे है. लिस्ट-ए क्रिकेट (वनडे) में आकिब ने 36 मैच में 56 विकेट लिए हैं.
नबी के अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ स्क्वॉड में हैं और ऐसे में उन्हें ही प्राथमिकता मिलने की संभावना है, जिसके चलते नबी को मौका मिलने की संभावना कम है. ये सेलेक्शन इसलिए भी सवालों के घेरे में है क्योंकि वनडे सीरीज के दौरान ही 1 अक्टूबर से ईरानी कप शुरू होगा, जिसमें जम्मू-कश्मीर का सामना रेस्ट ऑफ इंडिया से होगा. ऐसे में नबी इस मैच में अपनी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते थे.
क्या नमन को मिलेगी प्लेइंग-11 में जगह?
दूसरी ओर नमन धीर का सेलेक्शन भी हैरान करने वाला है. नमन ने IPL, सैयद मुश्ताक अली और हाल ही में शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है. मगर जब बात वनडे क्रिकेट की आती है तो यहां उनका रिकॉर्ड ठीक-ठाक ही है. पंजाब के बल्लेबाज ने 11 लिस्ट-ए पारियों में 39 की औसत और 106 के स्ट्राइक रेट से 351 रन बनाए हैं, जबकि 7 विकेट ही वो ले सके हैं. मगर क्या उन्हें रवींद्र जडेजा और नीतीश कुमार रेड्डी पर तरजीह दी जाएगी, इसकी संभावना नहीं है. ऐसे में अगरकर की सेलेक्शन कमेटी के ये 2 फैसले सवाल और बवाल का विषय बन गए हैं.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-wi-naman-dhir-and-auqib-nabis-selection-team-india-odi-series-raise-question-3908930.html