Ads Area

9 छक्के, 2 टूटे बैट और रिकॉर्ड पारी… पहाड़ों से आए रजाउल्लाह ने एजबेस्टन में रचा इतिहास

9 छक्के, 2 टूटे बैट और रिकॉर्ड पारी… पहाड़ों से आए रजाउल्लाह ने एजबेस्टन में रचा इतिहास

एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में मौजूद हजारों फैंस ने शुक्रवार 11 सितंबर की शाम को जो नजारा देखा, उसे सालों तक याद रखा जाएगा. मगर स्टेडियम से बाहर टीवी या मोबाइल स्क्रीन पर देखने वालों के लिए भी वो उतना ही यादगार रहेगा क्योंकि रजाउल्लाह ने कमाल ही ऐसा किया. पाकिस्तान के 21 साल के इस गेंदबाज ने अपने बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि न सिर्फ कई रिकॉर्ड टूट गए बल्कि पाकिस्तान की लाज कुछ हद तक बच गई. अपना डेब्यू मैच खेल रहे रजाउल्लाह ने बर्मिंघम के इस मैदान पर 9 छक्के जमाकर 81 रन की धमाकेदार पारी खेली.

पहाड़ों में ढूंढ़ना पड़ा

लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में मिली हार के बाद पाकिस्तानी टीम में बड़े बदलाव हुए थे और 7 खिलाड़ियों को बाहर कर उनकी जगह 7 अन्य खिलाड़ी इंग्लैंड भेजे गए थे. रजाउल्लाह इन्हीं 7 में से एक थे. इस गेंदबाज को ढूंढ़ने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को काफी मशक्कत करनी पड़ी और आखिरकार इस युवा गेंदबाज के कोच को खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ों में बसे गांव में पहुंचकर रजाउल्लाह को उनके सेलेक्शन के बारे में बताना पड़ा.

सेलेक्शन के बाद जल्दी-जल्दी में रजाउल्लाह का पहली बार पासपोर्ट बनाया गया और फिर वो बर्मिंघम पहुंचे. यहां उनका डेब्यू तय था और उन्होंने पहले ही दिन जो रूट को आउट कर अपना पहला विकेट लिया था. उनकी लगातार 140-145 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली गेंदों ने भी प्रभावित किया. रजाउल्लाह की पिटाई भी हुई लेकिन 4 विकेट लेकर उन्होंने अपनी काबिलियत का परिचय दिया, जिसने इस निराशाजनक दौरे में पाकिस्तानी टीम और फैंस को कुछ राहत दिलाई.

डेब्यू में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड

मगर असली कमाल तो इस युवा क्रिकेटर ने अपने बल्ले से किया. दूसरी पारी में जब पाकिस्तान ने 312 रन तक 7 विकेट गंवा दिए थे, तब रजाउल्लाह की क्रीज पर 9वें नंबर के बल्लेबाज के रूप में एंट्री हुई. पाकिस्तान तब 8 रन से पीछे था. मगर इसके बाद तो रजाउल्लाह के बल्ले ने खूब धूम मचाई. सिर्फ 43 गेंदों में 50 रन पूरे कर उन्होंने पाकिस्तान के लिए डेब्यू टेस्ट में सबसे तेज अर्धशतक का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ा.

मगर रजाउल्लाह का मन इतने से नहीं भरा. उन्होंने नौवें नंबर पर आकर सिर्फ 63 गेंदों में 81 रन की धमाकेदार पारी खेली. ये किसी भी बल्लेबाज का टेस्ट डेब्यू में 9वें नंबर पर संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है. उन्होंने इस मामले कॉर्बिन बॉश की बराबरी की. वहीं अपनी पारी के दौरान रजाउल्लाह ने 9 जबरदस्त छक्के लगाए, जिसमें से एक तो एजबेस्टन स्टेडियम में ही बने होटल में जाकर गिरा.

छक्के से रिकॉर्ड और बैट तोड़े

ये किसी भी बल्लेबाज का 9वें नंबर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है. साथ ही डेब्यू टेस्ट में 9 छक्के लगाने के टिम साउदी के रिकॉर्ड की बराबरी भी उन्होंने की. अपनी पारी के बाद रजाउल्लाद ने खुलासा किया कि छक्के जड़ने के क्रम में उनके 2 बैट भी टूटे और उन्हें तीसरा बल्ला मंगाना पड़ा. इस पारी के दम पर पाकिस्तान ने दिन भर के खेल में 397 रन बनाए, जो एजबेस्टन में किसी विदेशी टीम के एक दिन में बनाए सबसे ज्यादा रन हैं. रजाउल्लाह की बदौलत पाकिस्तान ने दूसरी पारी 449 रन बनाए और इंग्लैंड को 130 रन का लक्ष्य देकर जीत की उम्मीद को जिंदा रखा है.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/razaullah-hits-9-sixes-to-break-records-and-bats-3rd-test-match-edgbaston-england-vs-pakistan-3904821.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad