
रविवार 13 सितंबर से भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत होने जा रही है. तीन मैच की इस सीरीज के सभी मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. ये सीरीज इसलिए खास है क्योंकि अपने ही घर में सीरीज होने के बावजूद भारतीय टीम मेजबान नहीं बल्कि मेहमान के रूप में खेलेगी. हालांकि, खिलाड़ियों और फैंस के लिए तो ये एक होम सीरीज की ही तरह है. मगर टीम इंडिया के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी के लिए ये सीरीज सबसे खास होगी, बस उन्हें खेलने का मौका मिल जाए.
इस टी20 सीरीज के लिए चुने गए स्क्वॉड में से प्लेइंग-11 में किसे जगह मिलेगी, ये एक बड़ा सवाल है. खास तौर पर ओपनिंग की पोजिशन की बात करें तो सबसे ज्यादा नजरें इस पर ही हैं. जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रहे संजू सैमसन की इस सीरीज में वापसी हो रही है. ऐसे में ओपनिंग की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, ये सबसे बड़ा सवाल है. अब फैंस की बात करें तो उनकी ख्वाहिश वैभव सूर्यवंशी को देखने की होगी.
वैभव के लिए इसलिए खास ये सीरीज
मगर क्या वैभव को मौका मिलेगा? क्या पहले ही मैच से उन्हें प्लेइंग-11 में जगह मिल जाएगी? इस सवाल का जवाब तो टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ही दे सकेंगे. अगर वैभव को पहले ही मैच में मौका मिलता है या सीरीज के दौरान कभी भी मौका मिलता है तो ये उनके लिए बहुत ही खास होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि वैभव सूर्यवंशी पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेटर के रूप में भारतीय जमीन पर अपने घरेलू फैंस के सामने खेलने उतरेंगे.
वैभव ने जुलाई में ही इंग्लैंड दौरे पर अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने उस टी20 सीरीज में 3 मैच खेले थे और पूरी तरह नाकाम रहे थे. मगर इसके बाद वो जिम्बाब्वे दौरे पर गए और वहां 3 मैच में दो तूफानी अर्धशतक जमाते हुए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बने थे. वैभव से कुछ वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद भारतीय फैंस को होगी.
दिल्ली में कैसा है सूर्यवंशी का प्रदर्शन?
वैसे जेटली स्टेडियम में वैभव पहले भी एक बार अपने बल्ले का कमाल दिखा चुके हैं. इस मैदान पर उन्होंने IPL का एक ही मैच खेला, जो 2026 में आया था. इस मैच में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सिर्फ 21 गेंदों में 46 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. तो क्या वैभव फिर से दिल्ली में अपने बल्ले से ऐसी ही आग लगाएंगे? बस यही देखने के लिए हर कोई उत्सुक है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/vaibhav-sooryavanshi-1st-match-in-india-if-selected-playing-11-india-vs-afghanistan-t20-3905595.html