
20वें एशियन गेम्स में खेले महिला क्रिकेट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हरा दिया है. पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हराते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया.एशियन गेम्स में पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने 12 साल बाद पदक जीता है . पाकिस्तान की इस जीत में उसकी कप्तान फातिमा सना का बड़ा योगदान रहा है.
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया
मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के सामने 20 ओवर में 146 रन बनाने का लक्ष्य रखा था. लेकिन, बांग्लादेश की महिला टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 114 रन ही बना सकी. बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 46 रन शरमीन अख्तर ने बनाए. वहीं कप्तान निगार सुल्ताना ने 25 रन की पारी खेली. हालांकि, इन दोनों को छोड़कर ज्यादातर बल्लेबाजों ने दहाई का आंकड़ा भी नहीं हुआ. ओपनर दिलारा अक्तर ने 12 रन जरूर बनाए मगर वो काफी नहीं रहे.
पाकिस्तान की गेंदबाजी कैसी रही?
ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान की गेंदबाजी की बात करें तो उम्म-ए-हनी सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट लिए. इनके अलावा नशरा संधू, तुबा हसन, तस्मिया रुबाब और कप्तान फातिमा सना ने 1-1 विकेट लिए.
फातिमा सना ने खेली कप्तानी पारी
इससे पहले पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 145 रन ही बनाए थे. इसमें से 45 रन अकेले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के रहे. वो पाक टीम की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं. उन्होंने 30 गेंदों में 3 छक्के और इतने ही चौके की मदद से ये रन बनाए. फातिमा सना के अलावा गुल फिरोजा ने 31 रन, जबकि आलिया रियाज ने 25 रन बनाए. इन बल्लेबाजों के दम पर ही पाकिस्तान 140 प्लस स्कोर बना सका.
12 साल बाद जीता पदक
पाकिस्तान की महिला टीम ने बांग्लादेश को हराकर एशियन गेम्स क्रिकेट में 12 साल बाद पदक जीता है. पाकिस्तान की महिला टीम ने आखिरी पदक 2014 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल के तौर पर जीता था. उस एशियन गेम्स में भारत की महिला टीम ने हिस्सा नहीं लिया था. 2018 में हुए एशियन गेम्स में क्रिकेट नहीं हुआ था. जबकि 2023 के एशियन गेम्स में हुए ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हरा दिया था. इस बार पाकिस्तान की महिला टीम ने बांग्लादेश से हिसाब बराबर कर लिया.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/pakistan-won-bronze-medal-in-the-asian-games-2026-women-s-cricket-after-beating-bangladesh-3913274.html