
इंग्लैंड की परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल होती हैं. क्रिकेट का ये ज्ञान तो शायद ही किसी से छुपा हो. खास तौर पर लाल गेंद से तेज गेंदबाज इंग्लैंड में जैसा कहर बरपाते हैं, उसके कई किस्से, कहानियां और उदाहरण क्रिकेट के लंबे इतिहास में मौजूद हैं. फिर भी जब भी कभी किसी मैच के दौरान विकेटों का पतझड़ लगता है तो हैरानी होती है. खास तौर पर जब एक ही दिन में 23 विकेट गिर जाएं और कोई भी टीम 100 रन न बना सके. काउंटी चैंपियनशिप में यॉर्कशर और सरे के मुकाबले के दूसरे दिन ऐसा ही हुआ.
लंदन के द ओवल मैदान में काउंटी चैंपियनशिप डिविजन-1 के 52वें मैच में मेजबान सरे और यॉर्कशर की टक्कर में तेज गेंदबाजों ने आग बरसाई. इस मैच का पहला दिन बारिश से बुरी तरह प्रभावित रहा और करीब 60 ओवर का खेल ही हो सका था. इसमें यॉर्कशर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे दिन में 7 विकेट खोकर सिर्फ 133 रन ही बनाए थे. लंदन का मौसम दूसरे दिन यानि गुरुवार 3 सितंबर को मेहरबान रहा.
सरे और यॉर्कशर नहीं बना सके 100 रन
दिन का खेल खत्म होने के तय समय से कुछ ही पहले रोशनी कम होने के कारण स्टंप्स घोषित कर दिए गए थे. मगर तब तक इतना कुछ हो गया था कि यकीन करना मुश्किल है. यॉर्कशर ने दिन की शुरुआत अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाते हुए की. टीम ने आखिरी 3 विकेट गिरने तक 52 रन जोड़े और टीम 185 रन पर ऑल आउट हो गई. इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई और ये हाल दोनों टीमों का हुआ.
इसकी शुरुआत यॉर्कशर के गेंदबाजों ने की, जिन्होंने सिर्फ 30 ओवर में ही सरे को ऑल आउट कर दिया. टेस्ट क्रिकेट का अनुभव रखने वाले कई बल्लेबाजों से भरी ये टीम सिर्फ 83 रन पर निपट गई. ऐसा लग रहा था कि यॉर्कशर अब अपनी 102 रन की बढ़त को भारी-भरकम लक्ष्य के रूप में बदल देगा लेकिन ये नहीं हो सका. सरे के तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर ने ऐसा कहर बरपाया कि यॉर्कशर की दूसरी पारी तबाह हो गई और टीम सिर्फ 82 रन पर ढेर हो गई.
एक ही दिन में 23 विकेट ढेर
ऐसे ‘कत्ले-आम’ के बाद लगा था कि सरे की दूसरी पारी में भी विकेट गिर जाएंगे लेकिन 7.4 ओवर के खेल में सरे ने 27 रन बनाए और कोई विकेट नहीं गंवाया. मगर इसके बावजूद दिन भर में गिरे 23 विकेटों ने परिस्थिति, पिच और बैटिंग के स्तर को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया. जहां तक हार-जीत की बात है तो सरे को 185 रन का लक्ष्य मिला, जिसके लिए उसके पास दो दिन का वक्त है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/county-championship-23-wickets-fell-in-a-single-day-surrey-vs-yorkshire-match-3897729.html