Ads Area

Duleep Trophy: फाइनल में नहीं खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी समेत 3 स्टार? कोच गौतम गंभीर के फैसले का इंतजार

Duleep Trophy: फाइनल में नहीं खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी समेत 3 स्टार? कोच गौतम गंभीर के फैसले का इंतजार

भारतीय क्रिकेट के सबसे युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी को ज्यादा से ज्यादा मैच खेलते देखने की बेकरारी फैंस में साफ नजर आती है. अंडर-19 लेवल से लेकर IPL और फिर इंटरनेशनल क्रिकेट तक, वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से करोड़ों फैंस बना लिए हैं, जो उन्हें हर मैच खेलते देखना चाहते हैं. मगर आने वाले एक अहम मुकाबले से वैभव को बाहर बैठना पड़ सकता है. ये मुकाबला है दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल, जिसमें ईस्ट जोन और साउथ जोन की टक्कर होनी है. सिर्फ वैभव ही नहीं बल्कि ईशान किशन और तिलक वर्मा भी इस मैच से बाहर हो सकते हैं.

फाइनल में नहीं खेलेंगे ये 3 स्टार?

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल रविवार 6 सितंबर से 10 सितंबर तक खेला जाएगा. ये मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित होगा. इसमें ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन का सामना तिलक वर्मा के नेतृत्व में उतरने जा रही साउथ जोन से होगा. ईस्ट जोन की ही टीम में वैभव सूर्यवंशी भी हैं, जो न सिर्फ टीम के स्टार ओपनर हैं बल्कि उप-कप्तान भी हैं. ऐसे में इन 3 इंटरनेशनल सितारों की मौजूदगी से ये फाइनल बहुत खास बन गया है.

मगर इनका इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय होना ही तीनों के फाइनल से बाहर होने की वजह भी बन सकता है. रेवस्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईशान, वैभव और तिलक दलीप ट्रॉफी के फाइनल से बाहर बैठ सकते हैं. ये तीनों स्टार बल्लेबाज फाइनल खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर करेंगे. गंभीर की हामी या इनकार से ही इनके शामिल होने का फैसला होगा.

क्यों बैठना पड़ सकता है बाहर?

असल में इस स्थिति की वजह है भारतीय टीम का इंटरनेशनल शेड्यूल. दलीप ट्रॉफी का फाइनल 6 से 10 सितंबर तक चलेगा. इसके तुरंत बाद 13 सितंबर से 17 सितंबर तक भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज खेली जानी है. ये तीनों ही खिलाड़ी इस सीरीज के लिए चुने गए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं. ऐसे में फाइनल खत्म होने और टी20 सीरीज शुरू होने के बीच ज्यादा अंतराल नहीं है.

इसके अलावा टी20 सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम एशियन गेम्स के लिए जापान जाएगी. एशियन गेम्स के स्क्वॉड में भी ये तिलक, वैभव और ईशान शामिल हैं. यानि साफ है कि तीनों खिलाड़ियों के पास ब्रेक लेने और खुद को तरोताजा रखने का ज्यादा मौका नहीं है. टीम इंडिया के खिलाड़ियों में चोट के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए रेस्ट, रिहैबिलिटेशन और वर्कलोड की चिंता जाहिर की जा रही है. गुरुवार 3 सितंबर को ही मुंबई में BCCI अधिकारियों, कप्तानों और कोच की बैठक में भी चोट की समस्या पर चिंता जाहिर की गई थी. ऐसे में आने वाले व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए तीनों को फाइनल से आराम दिया जाता है तो हैरानी नहीं होगी.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/duleep-trophy-final-vaibhav-sooryavanshi-ishan-kishan-tilak-varma-playing-depends-on-gautam-gambhir-3897708.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad