
एशियन गेम्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाकर भी पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम को हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान की हार की वजह बनी श्रीलंकाई कप्तान चामारी अट्टापट्टू की नाबाद और तूफानी पारी. अट्टापट्टू ने अपनी हाहाकारी पारी से पाकिस्तानी टीम की नाक में दम कर दिया. पाकिस्तानी गेंदबाजों के पास चामारी अट्टापट्टू की बेजोड़ पारी का कोई जवाब नहीं दिखा. नतीजा ये हुआ कि अट्टापट्टू ने पाकिस्तान के खिलाफ महिला T20I में अपनी सबसे बड़ी पारी की स्क्रिप्ट भी लिख दी.
13 गेंद पहले ही श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराया
पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने पहले खेलते हुए श्रीलंका के खिलाफ अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया. उसने 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बनाए. जवाब में 178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने लक्ष्य को 13 गेंद पहले ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया. श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी पारी उसके कप्तान चामारी अट्टापट्टू ने खेली, जिन्होंने अपनी टीम को जीत में फ्रंट से लीड किया.
चामारी अट्टापट्टू की पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी
चामारी अट्टापट्टू ने 50 गेंदों में 83 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक 37वीं गेंद पर छक्के के साथ पूरा किया. 83 रन की पारी, पाकिस्तान के खिलाफ महिला T20I में चामारी अट्टापट्टू का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ उनका सबसे बड़ा स्कोर 48 गेंदों पर 63 रन का था, जो कि उन्होंने साल 2024 में बनाया था.
श्रीलंकाई कप्तान की पारी और 2 साझेदारी से हारा पाकिस्तान
श्रीलंका की कप्तान ने दूसरे विकेट के लिए हसिनी परेरा के साथ 95 रन की पार्टनरशिप की और तीसरे विकेट के लिए हर्षिता समाराविक्रमा के साथ नाबाद 47 रन स्कोरबोर्ड में जोड़े. कप्तान की बड़ी पारी और इन दो साझेदारियों के दम पर श्रीलंका की टीम पाकिस्तान को हराने में कामयाब रही.
श्रीलंका से हार के बाद पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम फाइनल की रेस से बाहर हो गई. अब वो ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला खेलती दिखेगी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/pak-w-vs-sl-w-chamari-athapaththu-highest-score-against-pakistan-help-srilanka-to-won-first-semifinal-in-asian-game-2026-3911597.html