
क्या विराट कोहली ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए? सोशल मीडिया पर फैले इस दावे का अब विराट कोहली की ओर से खंडन किया गया है. विराट कोहली के प्रवक्ता ने बयान जारी कर इस मामले पर सफाई दी है और इसे पूरी तरह से गलत बताया है. विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा कि प्रेमानंद के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये मिलने की बात झूठी और बेबुनियाद है.
किसने फैलाया था विराट कोहली को लेकर झूठ?
अब सवाल है कि विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये मिले. ये झूठी बात फैलाई किसने? रिपोर्ट के मुताबिक फलाहारी महाराज के नाम से फेमस दिनेश शर्मा ने ये दावा किया था. फलाहारी महाराज श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष भी हैं. उन्होंने दावा करते हुए UP के मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था. विराट कोहली, पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ 2023 में पहली बार वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए थे. फलाहारी महाराज ने अपने दावे में बताया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी कथित तौर पर विराट कोहली को आश्रम लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे.
विराट कोहली को लेकर फैलाया गया झूठ
विराट कोहली की ओर से अब उस पूरे मामले को गलत और तथ्यों से परे करार दिया गया है. विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा कि हम ये साफ कर देना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली को लेकर जो दावे किए हैं, वो पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं. बयान में आगे कहा कि विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज में गहरी आस्था और सम्मान है, जिस वजह से वो उनसे मिलने जाते हैं.

विराट के प्रवक्ता ने आगे कहा कि हम उन दावों का पूरी तरह से खंडन करते हैं और मीडिया से ये आग्रह करते हैं कि वे ऐसी बातों को आगे बढ़ाने से पहले पूरी सावधानी बरतें. उन्होंने मीडिया को तथ्यों की जांच कर जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करने की सलाह दी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/virat-kohli-respond-on-claim-receiving-five-crore-rupees-premanand-maharaj-ashram-in-vrindavan-3928103.html