Ads Area

SA20 Auction: सबसे महंगा खिलाड़ी बना 18 साल का खिलाड़ी, MI छोड़कर ‘दुश्मन’ सुपर किंग्स में पहुंचे पोलार्ड

SA20 Auction: सबसे महंगा खिलाड़ी बना 18 साल का खिलाड़ी, MI छोड़कर ‘दुश्मन’ सुपर किंग्स में पहुंचे पोलार्ड

क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) की टी20 लीग SA20 के नए सीजन से पहले ऑक्शन का एक्शन पूरा हो गया, जिसमें कई खिलाड़ियों पर बोली लगी. इस ऑक्शन में कई चौंकाने वाली खरीद देखने को मिली लेकिन सबसे ज्यादा हैरानी भरी साबित हुई काइरन पोलार्ड पर लगी बोली. वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर पोलार्ड को उस टीम ने चुना, जो उनके लिए एक तरह से दुश्मन रही है. पोलार्ड को जोबर्ग सुपर किंग्स ने खरीद लिया. वहीं 18 साल के जेसन रॉवेल्स सबसे महंगे खिलाड़ी बने.

शुक्रवार 7 अक्टूबर को SA20 के आने वाले सीजन के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन किया गया. इसमें सिर्फ 19 खिलाड़ियों पर ही बोली लगी, जिसमें सबसे ज्यादा 6-6 खिलाड़ी जोबर्ग सुपर किंग्स (JSK) और MI केपटाउन (MICT) ने खरीदे. ये वही दो फ्रेंचाइजी हैं, जो IPL में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं. IPL की तरह SA20 में भी इन दो फ्रेंचाइजी के लिए पिछला सीजन अच्छा नहीं गुजरा था और यही कारण है कि इन्होंने ही सबसे ज्यादा खरीदारी की.

18 साल के खिलाड़ी पर क्यों लगी ऊंची बोली?

जोबर्ग ने इस दौरान सबसे ऊंची बोली लगाकर 18 साल के साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर जेसन रॉवेल्स को खरीदा. सिर्फ 2 लाख रैंड (करीब 11.6 लाख रुपये) के बेस प्राइस वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिनर रॉवेल्स को JSK ने 2.9 मिलियन रैंड (करीब 1.69 करोड़ रुपये) की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा. इस बोली में फ्रेंचाइजी ने अपनी राइवल MICT को शिकस्त दी. रॉवेल्स ने इसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप में 70 की औसत और 112 के स्ट्राइक रेट से साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 280 रन बनाए थे. फिर बीती जुलाई में इंग्लैंड में इस युवा बल्लेबाज ने यूथ टेस्ट में 201 रन की पारी खेली थी.

पहली बार MI छोड़कर सुपर किंग्स में पोलार्ड

मगर JSK ने सिर्फ यही एक झटका नहीं दिया बल्कि काइरन पोलार्ड को खरीदकर MICT के जख्मों पर नमक छिड़क दिया. IPL के पूरे करियर में MI के लिए खेलने वाले पोलार्ड हमेशा SA20, MLC और ILT20 में सिर्फ MI की टीमों के लिए ही खेलते रहे. MI और CSK की राइवलरी में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा. ऐसे में जब ऑक्शन में JSK ने उन्हें 1.5 मिलियन रैंड के बेस प्राइस पर खरीदा तो हर कोई हैरान रह गया. इस तरह से हमेशा नीली जर्सी पहनने वाले पोलार्ड पहली बार पीली जर्सी में दिखेंगे.

इनके अलावा जोबर्ग ने अपने पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी को एक बार फिर खरीद लिया. वहीं MICT ने शिमरॉन हेटमायर और ट्रेंट बोल्ट जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया. इस ऑक्शन में पार्ल रॉयल्स और डरबन सुपर जायंट्स ही ऐसी टीमें थीं, जिन्होंने किसी खिलाड़ी को नहीं खरीदा. वहीं मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने 2, जबकि प्रिटोरिया कैपिटल्स ने साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा समेत 5 खिलाड़ी खरीदे.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/sa20-2026-auction-joburg-super-kings-buys-kieron-pollard-18-year-old-jason-rowels-most-expensive-player-3928830.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad