
अजीत अगरकर का भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्यकाल खत्म हो गया है. BCCI ने भी आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान कर दिया है. इसके बाद से ही 5 सदस्यों वाली चयन समिति में अगरकर की जगह भरने के लिए नए चयनकर्ता की खोज शुरू हो चुकी है. भारतीय बोर्ड ने इसके लिए आवेदन का विज्ञापन भी जारी कर दिया है. अब इंतजार है फैसले का. कौन आवेदन करेगा, किसे चुना जाएगा? यही सवाल उठ रहा है. मगर अब एक सोशल मीडिया पोस्ट से अटकलें लगाई जा रही हैं कि कहीं समीर दिघे तो नए चयनकर्ता नहीं बनने जा रहे?
करीब 3 साल तक चीफ सेलेक्टर रहे अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो गया था. इसके बाद BCCI ने एक ऐड जारी किया और नए सेलेक्टर के लिए आवेदन मंगाए. BCCI के संविधान के मुताबिक, सभी 5 सेलेक्टर अलग-अलग जोन से आते हैं. अगरकर वेस्ट जोन का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. ऐसे में उनकी जगह आने वाला नया सेलेक्टर भी वेस्ट जोन का होगा. अब ये कौन होगा, इसका फैसला अगले कुछ दिनों में हो ही जाएगा.
शिवरामाकृष्णन ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?
मगर इस बीच पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसके बाद से ही पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज समीर दिघे के नाम की चर्चा होने लगी. शिवरामाकृष्णन ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, “मुझे ठीक-ठाक अंदाजा है कि अजीत अगरकर की जगह कौन लेगा. वो मुंबई से है. उसने 6 ही टेस्ट मैच खेले हैं लेकिन वो ODI और फर्स्ट क्लास क्रिकेट के दम पर क्वालिफाई करता है. (प्रज्ञान) ओझा चेयरमैन होंगे.”
कौन हैं समीर दिघे? क्यों चल रहा नाम?
इस पोस्ट के आने के बाद से ही एक नाम जवाब में आने लगा और वो है समीर दिघे. मुंबई से आने वाले पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिघे ने ही सिर्फ 6 टेस्ट मैच खेले थे लेकिन उन्होंने 23 वनडे जरूर खेले. साथ ही उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 83 मैच भी खेले. दिघे का इंटरनेशनल करियर तो कोई खास नहीं था. उन्होंने 2000 में वनडे और 2001 में टेस्ट डेब्यू किया था और उसी साल आखिरी बार भारतीय टीम के लिए खेले थे. इन 24 इंटरनेशनल मैच में दिघे ने बमुश्किल 400 रन बनाए थे.
इंटरनेशनल करियर भले ही अच्छा नहीं रहा लेकिन 58 साल के दिघे ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जरूर लगभग 4000 रन बनाए. वहीं क्रिकेट करियर खत्म होने के बाद उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन में सेलेक्टर की भूमिका निभाई थी, जबकि 2017 में वो मुंबई के कोच भी बने थे. ऐसे में अगर शिवरामाकृष्णन का दावा सही होता है तो हैरानी नहीं होगी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/team-india-new-selector-ajit-agarkar-reaplacement-sameer-dighe-rumour-laxman-sivaramakrishnan-3928837.html