
न्यूजीलैंड पहुंचते ही वैभव सूर्यवंशी को इशारों ही इशारों में ऐसी चेतावनी मिली है जिसके लिए उन्हें मानसिक और तकनीकी तौर पर तैयार रहना होगा. क्राइस्टचर्च में 22 अक्टूबर को पहला टी20 मैच होना है और इस मैच से पहले न्यूजीलैंड की टीम ने जमकर प्रैक्टिस की. प्रैक्टिस के बाद न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने टीम इंडिया की बैटिंग यूनिट पर बड़ा बयान दिया है. खासतौर पर उन्होंने 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर ऐसी बात कही है कि अगर ये खिलाड़ी संभला नहीं तो उनकी न्यूजीलैंड में दाल नहीं गलेगी.
वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले डफी?
मीडिया से बातचीत करते हुए जैकब डफी ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ तो की लेकिन उन्होंने साथ ही कहा कि उनके लिए कीवी गेंदबाजों के पास पूरा प्लान है. डफी ने कहा, ‘जाहिर तौर पर वैभव सूर्यवंशी के पास गजब टैलेंट है. आईपीएल में उन्होंने धूम मचाई और कमाल बात ये है कि वो बहुत तेज बैटिंग करते हैं. उनका स्ट्राइक रेट 250 के आसपास ही रहता है और वो बहुत कम चूकते हैं. लेकिन वो न्यूजीलैंड में पहली बार खेलेंगे. उनके लिए यहां के हालात अलग होंगे और उनके लिए ये चुनौती होगी. हमें आगे क्या करना है इसकी योजना हमने बना ली है.’
न्यूजीलैंड में नहीं मिलेगी पाटा पिच
जैकब डफी ने कहा कि हाल ही में भारत ने जरूर टी20 में 250 रनों तक के स्कोर बनाए हों लेकिन न्यूजीलैंड में ऐसा नहीं होने वाला. उनके मुताबिक न्यूजीलैंड की पिच पर 170 से 190 रनों तक का स्कोर बनाना भी मुश्किल होगा. न्यूजीलैंड की कंडिशन तेज गेंदबाजों को रास आती हैं और वहां खेलना इतना आसान नहीं. डफी ने कहा कि कीवी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ शॉर्ट गेंद की रणनीति जरूर अपनाएंगे. न्यूजीलैंड की पिच का एक्स्ट्रा बाउंस कीवी गेंदबाजों के काम आ सकता है.
टीम इंडिया का न्यूजीलैंड में जबरदस्त रिकॉर्ड
बता दें टीम इंडिया पिछली बार जब न्यूजीलैंड पहुंची थी तो उसने टी20 सीरीज 1-0 से जीती थी. यही नहीं 2019-20 में तो भारत ने न्यूजीलैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज में पांचों मैच हरा दिए थे. मतलब न्यूजीलैंड की टीम अपने घर पर पिछले 6 टी20 मैचों में टीम इंडिया से हारी है. अब देखना ये है कि इस सीरीज में क्या होता है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/jacob-duffy-big-comment-on-vaibhav-sooryavanshi-india-vs-new-zealand-t20i-series-3940268.html