
वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में ही टी20 सीरीज जीतने में नाकाम रही टीम इंडिया से शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी कि वो न्यूजीलैंड पहुंचते ही लगातार 3 मैच जीत लेगी. मगर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड में 5 मैच की सीरीज के शुरुआती 3 मैच जीतकर ही ट्रॉफी पर अपना नाम लिखवा दिया. अब ऑकलैंड में सीरीज का चौथा मैच खेला जाना है और अगर यहां भी टीम इंडिया जीतती है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए क्योंकि इस मैदान पर भारतीय टीम कभी नहीं हारी है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा, जो न्यूजीलैंड के सबसे पुराने मैदानों में से है. इस मैदान पर शुक्रवार 30 अक्टूबर को जब टी20 सीरीज का चौथा मैच खेला जाएगा तो टीम इंडिया 3-0 की बढ़त के साथ उतरेगी. वहीं मेजबान होने के बावजूद न्यूजीलैंड को पहली जीत का इंतजार रहेगा. मगर ऑकलैंड का मैदा भी उसे ये राहत देगा, इसकी संभावना कम है क्योंकि ये मैदान टीम इंडिया को रास आता है.
भारतीय टीम की मौजूदा फॉर्म और ईडन पार्क स्टेडियम का रिकॉर्ड पूरी तरह से भारतीय टीम के पक्ष में है. यहां दोनों टीमों के बीच कुल 3 टी20 मैच खेले गए हैं और तीनों में टीम इंडिया ने ही जीत दर्ज की है. यानि भारत का रिकॉर्ड 100 फीसदी सफलता वाला है. इसमें पहला मैच 2019 में खेला गया था, जबकि अगले 2 मैच 2020 की टी20 सीरीज में खेले गए थे. टीम इंडिया ने 2020 में इस मैदान पर ही 204 रन का लक्ष्य भी हासिल किया था.
सिर्फ भारत के खिलाफ ही नहीं बल्कि दूसरी टीमों के खिलाफ भी न्यूजीलैंड को ऑकलैंड में कम ही सफलता मिली है. कीवी टीम ने यहां कुल 33 टी20 मैच खेले हैं और इसमें से सिर्फ 13 मैच जीते हैं, जबकि 19 में उसे हार का सामना करना पड़ा है. इसमें भी 3 हार तो सुपर ओवर में आई. यानि अगर ऑकलैंड में सीरीज का स्कोर 4-0 हो जाता है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-nz-4th-t20i-team-india-record-at-auckland-eden-park-stadium-wins-loses-3948277.html