
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के तूफानी एक्शन और साउथ अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया के जुझारू टेस्ट मैच के बीच एक और टेस्ट मैच शुरू हुआ है, जिसमें 2 खिलाड़ियों ने खास उपलब्धि हासिल की. ये मुकाबला शुरू हुआ मीरपुर में, जहां बांग्लादेश और वेस्टइंडीज आमने-सामने हैं. इस मैच में पहले बैटिंग कर रही मेजबान बांग्लादेश के ओपनर शादमान इस्लाम ने एक बेहतरीन शतक जमा दिया. मैच के दूसरे दिन की दूसरी ही गेंद पर चौका जमाकर शादमान ने ये शतक पूरा किया.
‘नर्वस नाइंटीज’ की बेचैनी के बीच शतक
शादमान का ये शतक मैच के पहले दिन ही पूरा हो सकता था लेकिन बारिश के कारण खेल वक्त से पहले ही रोकना पड़ा था. ऐसे में बेहतरीन लय में नजर आ रहे शादमान के लिए पूरी रात एक बेचैनी भरी रही होगी, क्योंकि वो शतक से सिर्फ 1 रन दूर, 99 के स्कोर पर नाबाद लौटे थे. ऐसे में दूसरे दिन जल्द से जल्द शतक पूरा करने की बेकरारी होना स्वाभाविक था. मगर इस बल्लेबाज ने ज्यादा वक्त लिए बिना अपने करियर में ये खास मुकाम हासिल कर लिया.
गुरुवार 29 अक्टूबर को मैच के दूसरे दिन की शुरुआत ही शादमान के शतक के साथ हुई. उन्होंने दूसरी गेंद को चौके के लिए भेजा और अपना शतक पूरा किया. बाएं हाथ के बल्लेबाज शादमान के टेस्ट करियर का ये तीसरा ही शतक था. उनका पिछला शतक अप्रैल 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ आया था. इस तरह 18 महीनों बाद उन्होंने ये इंतजार खत्म किया.
आखिर मिल ही गई सफलता
ये शतक इसलिए भी खास था क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें पिछले 3 मौकों पर निराशा हाथ लगी थी. वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 अलग-अलग टेस्ट सीरीज का हिस्सा रहे शादमान तीन बार अर्धशतक लगाने के बाद आउट हुए थे, जिसमें 2018 में उनकी डेब्यू टेस्ट पारी भी थी. तब उन्होंने 76 रन बनाए थे. मगर इस बार 31 साल के इस बल्लेबाज ने विंडीज से अपना हिसाब बराबर कर लिया.
डेब्यूटेंट ने बनाया पहला शिकार
शादमान ने शतक पूरा कर राहत की सांस तो ली लेकिन इसके बाद वो ज्यादा देर नहीं टिके. अगले ही ओवर में उन्हें पवेलियन लौटा दिया जॉशुआ बिशप ने. बाएं हाथ के इस स्पिनर ने शादमान को LBW आउट कर दिया और 105 रन की जुझारू पारी का अंत हुआ. शादमान की पारी जितनी खास थी, उतना ही स्पेशल उनका विकेट था क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू कर रहे बिशप का ये पहला ही विकेट था. उन्होंने अगले ओवर में ही अपना दूसरा विकेट भी हासिल कर लिया और इस खुशी को दोगुना कर दिया.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/shadman-islam-hits-century-after-18-months-bangladesh-vs-west-indies-1st-test-3948344.html