
पाकिस्तान में शुरू हुई तीन देशों की वनडे सीरीज का आगाज मेजबान टीम के लिए अच्छा साबित हुआ. पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही इस सीरीज का पहला मैच रावलपिंडी में खेला गया. इस पहले मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हरा दिया. सलमान आगा के शानदार शतक और फिर कप्तान शाहीन शाह अफरीदी के 3 विकेट के दम पर पाकिस्तान ने 305 रन का स्कोर डिफेंड करते हुए जीत दर्ज की.
रविवार 18 अक्टूबर को खेले गए मैच में पाकिस्तान ने सिर्फ 32 रन तक दोनों ओपनर के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद बाबर आजम और डेब्यू कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज साद बेग ने 74 रन की साझेदारी की. मगर बाबर फिर से शॉर्ट गेंद का शिकार बन गए. इसके बाद सलमान आगा जम गए और उन्होंने बाकी बल्लेबाजों की थोड़ी बहुत मदद से टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया.
हाल ही में पाकिस्तान की टी20 कप्तानी से हटाए गए सलमान ने 84 गेंदों में अपने वनडे करियर का चौथा शतक पूरा किया और 107 रन की पारी खेलकर आउट हुए. उनकी इस पारी के दम पर ही पाकिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 305 रन बनाए, जो जीत के लिए काफी रहे. श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज इशान मलिंगा ने बाबर समेत 4 बल्लेबाजों को आउट किया.
दूसरी ओर श्रीलंका की शुरुआत भी खास नहीं रही और 91 रन तक ही 4 विकेट गिर गए थे. इसमें से 2 विकेट कप्तान शाहीन ने लिए थे. यहीं पर जनिथ लियानगे और पवन रत्नायके के बीच 119 रन की तेज साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका की मैच में वापसी कराई. मगर 210 के स्कोर पर ये साझेदारी टूटी और फिर शाहीन ने दासुन शानका की ताबड़तोड़ बैटिंग पर रोक लगाई. देखते ही देखते पूरी टीम 48.1 ओवर में 268 रन पर ऑल आउट हो गई.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/pak-vs-sl-pakistan-beat-sri-lanka-by-37-runs-1st-odi-salman-agha-century-shaheen-afridi-wickets-3939097.html