
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज का फैसला केप टाउन में होना है. फैसला इसलिए क्योंकि टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है. ये डिसाइडर सिर्फ ये फैसला नहीं करेगा कि सीरीज किसकी हुई बल्कि इस बात पर भी मुहर लगाएगा कि टेस्ट में नंबर 1 कौन है? केप टाउन में होने वाले सीरीज डिसाइडर से सिर्फ ICC टेस्ट रैंकिंग की बादशाहत का ही पता नहीं चलेगा बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में भी तख्ता पटल होता दिखेगा.
दांव पर नंबर- 1 की रैकिंग
ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल टेस्ट में नंबर 1 है. ICC रैंकिंग में वो मई 2024 से नंबर एक की पोजिशन पर बरकरार है. अब उसकी 29 महीनों की बादशाहत बचेगी या जाएगी, ये केप टाउन में अगले 5 दिन का उसका खेल तय करेगा. ऑस्ट्रेलिया अगर सीरीज डिसाइडर जीत लेता है तो वो टेस्ट की नंबर 1 टीम बनी रहेगी. नहीं तो अगर साउथ अफ्रीका जीता तो वो जनवरी 2016 के बाद फिर से टेस्ट में नंबर 1 बनते दिखेंगे.
WTC पॉइंट्स टेबल में भी जाएगी बादशाहत?
केप टाउन में सीरीज डिसाइडर जीतने पर साउथ अफ्रीका 10 साल बाद टेस्ट की नंबर 1 टीम तो फिर से बनेगा, मगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा पॉइंट्स टेबल में वो नंबर 1 नहीं बन सकेगा. हां, हार से ऑस्ट्रेलिया की नंबर एक की पोजिशन जरूर WTC 2025-27 के पॉइंट्स टेबल में छिन जाएगी.
WTC 2025-27 के पॉइंट्स टेबल में मौजूदा रैंकिंग के आधार पर ऑस्ट्रेलिया नंबर 1 है, न्यूजीलैंड नंबर 2 और साउथ अफ्रीका नंबर 3 टीम है. साउथ अफ्रीका के केप टाउन टेस्ट जीतने पर ऑस्ट्रेलिया की टीम नंबर 1 से फिसलकर तीसरे स्थान पर आ जाएगी. वहीं साउथ अफ्रीका तीसरे से दूसरे नंबर पर पहुंच जाएगा. जबकि न्यूजीलैंड की टीम नंबर 1 बन जाएगी.
ऑस्ट्रेलिया जीता तो क्या होगा?
साफ है कि ICC रैंकिंग से लेकर WTC पॉइंट्स टेबल तक जो भी उथल-पुथल मचेगा वो साउथ अफ्रीका की जीत से होगा. ऑस्ट्रेलिया अगर जीता तो फर्क नहीं पड़ेगा. उस सूरत मेंमौजूदा क्रम जस का तस रहेगा. कुल मिलाकर केप टाउन का मुकाबला इस रोमांचक सीरीज का शानदार अंत साबित होने वाला है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/sa-vs-aus-number-1-ranking-in-test-at-stake-in-cape-town-series-decider-between-south-africa-australia-3946346.html