
World Championship of Legends के नए सीजन का आगाज हो चुका है और आगाज भी क्या धमाकेदार हुआ. पहले ही मैच में युवराज सिंह का धमाका देखने को मिला. युवराज सिंह ने अपने दमखम और सुपरहिट प्रदर्शन से बता दिया कि उम्र थोड़ी बेशक बढ़ गई है, पर उसका असर नहीं हुआ है. शेर आज भी शिकार करना नहीं भूला. अब सवाल है कि युवराज सिंह ने किया क्या? इसका जवाब जानने के लिए बहुत जरूरी है ये जानना कि WCL 2026 के पहले यानी ओपनिंग मैच में हुआ क्या और उसका नतीजा क्या रहा?
युवराज सिंह का धुआंधार खेल
WCL 2026 का ओपनिंग मैच इंडिया चैंपयंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के बीच खेला गया. शारजाह में खेले इस मुकाबले में इंडिया चैंपियंस ने पहले बल्लेबाजी की. शुरुआत तो उतनी जबरदस्त नहीं रही क्योंकि टॉप तीन बल्लेबाजों- नमन ओझा, अंबाती रायडू और स्टुअर्ट बिन्नी- ने कुछ खास नहीं किया. लेकिन उसके बाद क्रीज पर उतरे युवराज सिंह ने जो खेल दिखाया, वो ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस का खेल करने को काफी रहा.
6 छक्के वाला ये VIDEO देखिए
युवराज सिंह का स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ लगातार 6 छक्के वाला वीडियो तो आपने देखा ही होगा. उसके 19 साल और 13 दिन बाद सामने आए अब जरा इस वीडियो को देखिए.
YEH SHER AAJ BHI SHIKAR KARNA NAHI BHULA
Catch all the action from World Championship of Legends LIVE on FanCode
#WCL #YuvrajSingh https://t.co/6DO19dfpvT
— FanCode (@FanCode) October 3, 2026
युवराज सिंह ने क्या खूब धमाल मचाया?
इस वीडियो में युवराज सिंह 6 छक्के लगाते दिख रहे हैं. हालांकि, ये 6 छक्के उन्होंने लगातार नहीं लगाए. लेकिन 44 साल की जिस उम्र में उन्होंने ऐसा किया, उससे लगता है कि आग अभी भी बरकरार है. इन 6 छक्कों के अलावा ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ WCL 2026 की अपनी पहली इनिंग में युवराज सिंह ने 5 चौके भी मारे और 161.36 की स्ट्राइक रेट से 44 गेंदों पर 71 रन ठोके.
युवराज सिंह के बैट से निकली 71 रन की दमदार पारी की बदौलत इंडिया चैंपियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन का बड़ा स्कोर बनाया. अब ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के सामने 197 का लक्ष्य था, जिसका पीछा करने उतरे ओपनर डर्सी शॉर्ट ने उन्हें स्टार्ट तो तगड़ी दिलाई मगर उन्हें बाकी दूसरे किसी बल्लेबाज का सपोर्ट ना मिलना ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की हार की वजह बन गया.
युवी के तूफान के बाद गेंदबाजों की आंधी, AUS चैंपियंस हारी
शारजाह की पिच पर युवराज सिंह के तूफान के बाद गेंद से धवल कुलकर्णी और मोहित शर्मा की आंधी भी आई, जिसने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का क्रीज पर खड़े रहना मुश्किल कर दिया. धवल और मोहित ने मिलकर 7 विकेट झटके. धवल ने 4 ओवर में 44 रन देकर 4 विकेट लिए तो मोहित ने 3 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट. इनके अलावा पीयूष चावला को 2 विकेट मिला जबकि बाकी 1 विकेट हरभजन सिंह ने लिए. ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के 3 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके तो कुल मिलाकर 9 के लिए दहाई के आंकड़े को छूना मुश्किल हो गया. नतीजा ये हुआ कि इंडिया चैंपियंस ने 46 रन से मैच जीत लिया.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/yuvraj-singh-hit-71-runs-with-six-sixes-in-wcl-2026-india-champions-beat-australia-champions-video-3924952.html


