विशाल अंगरिश, चंडीगढ़:
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब कांग्रेस उम्मीदवारों के बचे हुए 31 नामों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और सीएम चरणजीत सिंह चन्नी में ठन गई है। इसी वजह से सीईसी की बैठक में इन नामों पर सहमति नहीं बन सकी है। नामों पर सहमति बनाने के लिए अब तीन नेताओं की कमेटी बनाई गई है।
इन बची हुई 31 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम अजय माकन, के सी वेणुगोपाल और अंबिका सोनी तय करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, नवजोत सिंह सिद्धू करीब 9 सिटिंग विधायकों की टिकट काटकर नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं। जबकि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी इस बात पर सिद्धू से सहमत नहीं है।
इसके अलावा कई विधानसभा सीटों पर सिद्धू और चन्नी के नजदीकी लोगों को टिकट दिए जाने को लेकर भी दोनों नेताओं में सहमति नहीं बन पा रही।
पंजाब में प्रचार की शुरुआत करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी 27 जनवरी से पंजाब चुनाव प्रचार की वर्चुअल शुरुआत करेंगे। वह 27 जनवरी को पहले अमृतसर में सुबह के वक्त माथा टेकेंगे।
राहुल गांधी उसके बाद सड़क मार्ग से जालंधर आकर जालंधर कैंट से उम्मीदवार परगट सिंह के लिए एक वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे। पूरे पंजाब से कांग्रेस के कार्यकर्ता वर्चुअल तरीके से और कांग्रेस दफ्तरों के माध्यम से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राहुल गांधी की वर्चुअल रैली से जुड़ेंगे।
]]>