Ads Area

Women’s T20 World Cup: डैनी वायट का पहले ही मैच में शतक, इंग्लैंड ने रिकॉर्ड स्कोर के साथ श्रीलंका को हराया

Women’s T20 World Cup: डैनी वायट का पहले ही मैच में शतक, इंग्लैंड ने रिकॉर्ड स्कोर के साथ श्रीलंका को हराया

जहां पूरी दुनिया में FIFA वर्ल्ड कप 2026 की चर्चा हो रही है, वहीं इंग्लैंड में ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का भी आगाज हो गया है. फुटबॉल वर्ल्ड कप के शुरू होने के करीब 23 घंटे बाद इंग्लैंड में महिला टी20 वर्ल्ड कप शुरू हुआ और पहले ही मैच में मेजबान टीम ने रिकॉर्ड स्कोर के साथ धमाकेदार जीत दर्ज की. बर्मिंघम में 12 जून की शाम टूर्नामेंट के पहले मैच में स्टार बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज ने जबरदस्त शतक लगाया, जिसके दम पर इंग्लैंड ने 219 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाते हुए श्रीलंका को 87 रन से हरा दिया.

वायट का शतक, इंग्लैंड का रिकॉर्ड स्कोर

एजबेस्टन स्टेडियम में शुक्रवार शाम को 12 टीम वाले टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हुआ, जिसमें ग्रुप-2 की इन दोनों टीम का मुकाबला था. पहले से ही मेजबान इंग्लैंड इस मैच में जीत की दावेदार के रूप में उतरी थी लेकिन उसकी जीत इतनी एकतरफा होगी, ये शायद ही किसी ने सोचा था. इसकी वजह रही इंग्लैंड की मजबूत बैटिंग. डैनी वायट और एमी जोंस की अनुभवी ओपनिंग जोड़ी ने ही पहले विकेट के लिए 135 रन की धुआंधार साझेदारी की, जो श्रीलंका के कुल स्कोर से भी ज्यादा थी.

इस दौरान एमी जोंस ने 53 रन की पारी खेली, जबकि डैनी वायट सिर्फ अर्धशतक पर नहीं रुकीं. उन्होंने 61 गेंदों में टी20 इंटरनेशनल में अपना तीसरा शतक लगाया, जिसकी मदद से इंग्लैंड ने 200 रन का आंकड़ा पार किया. वो 62 गेंदों में 105 रन (13 चौके, 1 छक्का) बनाकर नाबाद लौटीं. वहीं टीम की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने तो सिर्फ 22 गेंदों में 46 रन उड़ा दिए. इसके दम पर इंग्लैंड ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 219 रन बनाए, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़े स्कोर का नया रिकॉर्ड है.

कैम्प के आगे श्रीलंकाई टीम ढेर

अब श्रीलंका को अगर इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना था तो उसे भी इंग्लैंड जैसी ओपनिंग की जरूरत थी. खास तौर पर टीम की नजरें अपनी दिग्गज कप्तान चामरी अटापट्टू पर टिकी थीं, जो पहले भी कई बार टीम को बचा चुकी थीं. मगर श्रीलंकाई पारी की शुरुआती 20 गेंदों के अंदर ही अटापट्टू (6) समेत ओपनिंग जोड़ी पवेलियन लौट गई और फिर श्रीलंका की वापसी मुश्किल ही थी.

एक-एक कर विकेट गिरते रहे और टीम हार की तरफ बढ़ती रही. हर्षिता समराविक्रमा (29) और नीलाक्षिका सिल्वा (39) ने कुछ रन बटोरकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. आखिरकार पूरी टीम 132 रन पर ढेर हो गई. इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप में पहला मैच खेल रहीं फ्रेया कैम्प ने सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि सोफी एक्लेस्टन और नैट सिवर को भी 2-2 विकेट मिले.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/england-beat-sri-lanka-in-opening-match-icc-womens-t20-world-cup-2026-danny-wyatt-hodge-scores-century-3818709.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad