
West Indies beat Pakistan in 1st Test: वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम पर खेले पहले टेस्ट में हरा दिया है. वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रन के अंतर से हराया. पाकिस्तान को ये हार वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथी पारी में अपने दूसरे सबसे छोटे लक्ष्य को चेज करते हुए मिली. वेस्टइंडीज ने 211 रन का लक्ष्य दिया था, जो कि 2017 में दिए उसके 188 रन के लक्ष्य के बाद सबसे छोटा था. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 120 रन पर ही ढेर हो गई. बड़ी बात ये है कि इस रन चेज के दौरान बाबर आजम ने आखिर तक नाबाद रहकर अपनी टीम की हार का पूरा तमाशा देखा.
गेंदबाजों ने पाकिस्तान की वापसी तो कराई, मगर…
वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान ने 282 रन पहली पारी में बनाए. पहली पारी में 29 रन से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान को उसके गेंदबाजों ने दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी कराई. पाकिस्तान के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी को 181 रन पर समेट दिया था, जिसमें 5 विकेट लेने वाले मोहम्मद अब्बास की बड़ी भूमिका रही थी. दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के 181 रन पर ऑल आउट होने का ही नतीजा था कि पाकिस्तान को 211 रन का मामूली लक्ष्य मिला था. ये लक्ष्य और भी मामूली इसलिए नजर आ रहा था क्योंकि पाकिस्तान के पास इसे चेज करने का भरपूर समय भी था.
गेंदबाजों के किए कराए पर पाक बल्लेबाजों ने फेरा पानी
लेकिन, रन चेज जब शुरू हुआ तो पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने अपने गेंदबाजों की रखी जीत की बुनियाद को तितर-बितर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. कोई भी बल्लेबाज विकेट पर जमने को तैयार नहीं दिखा. इसी का नतीजा रहा कि बाबर आजम और 10वें नंबर के खिलाड़ी मोहम्मद अब्बास को छोड़ कोई भी रन चेज में दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाया.
बाबर आजम देखते रह गए हार का तमाशा
58 रन बनाकर आखिर तक नाबाद रहे बाबर आजम और कर भी क्या सकते हैं. लाचार और बेबस दूसरे छोर पर खड़े होकर उन्होंने बस अपने बल्लेबाजों को एक-एक कर घूटने टेकते देखा. 211 रन के लक्ष्य के आगे पाकिस्तान की हार का तमाशा देखा, वो हार जो विदेशी जमीन पर उसकी लगातार 8वीं हार रही और जिसने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज में उसे 0-1 से पीछे कर दिया. पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 120 रन पर सिमटकर रह गई.
वेस्टइंडीज के लिए क्यों खास पाकिस्तान पर जीत?
पाकिस्तान को हराकर वेस्टइंडीज ने सिर्फ सीरीज में बढ़त ही नहीं हासिल की बल्कि ये पिछले 11 टेस्ट में उसकी दूसरी जीत भी रही. वेस्टइंडीज के लिए पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट की जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उसकी स्क्रिप्ट उसने सर गैरीफील्ड सोबर्स के 90वें जन्मदिन पर लिखी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/wi-vs-pak-babar-azam-led-pakistan-defeated-by-west-indies-in-1st-test-at-brain-lara-cricket-stadium-3864505.html