
गॉल टेस्ट के पहले दिन केएल राहुल को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा था. शानदार बल्लेबाजी कर रहे राहुल के रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटने को भारतीय टीम के नजरिए से झटके के तौर पर देखा गया. अब बड़ा सवाल ये भी है कि उन्हें लेकर आगे का क्या अपडेट है? क्या राहुल गॉल टेस्ट में आगे भी बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर पाएंगे? इस पर टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बड़ा अपडेट दिया है.
केएल राहुल को हुआ क्या?
गॉल टेस्ट के पहले दिन केएल राहुल जब रिटायर्ड हर्ट हुए तो 162 गेंदों पर 77 रन बनाकर खेल रहे थे. लेकिन, उसके बाद को क्रैम्प्स से परेशान दिखे. उन्हें शरीर में दर्द और खिंचाव होने लगा. राहुल ने अपनी इस स्थिति के बारे में अंपायर को बताया. श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डि सिल्वा ने आकर राहुल के हाथ को स्ट्रेच भी किया मगर दर्द कम नहीं हुआ. धीरे-धीरे क्रैम्प्स और बढ़ गया और उनके बाएं हाथ की उंगलियों और पैरों को भी अपनी जद में ले लिया. नतीजा ये हुआ कि राहुल का विकेट पर खड़े रहना और चलना भी मुश्किल हो गया.
राहुल को दर्द से परेशान और लंगड़ाता देखकर टीम इंडिया के फिजियो ने मैदान पर आकर उनकी जांच की. स्थिति और गंभीर ना हो इसके लिए उन्होंने राहुल को आगे ना बल्लेबाजी करने की सलाह दी. राहुल टीम फिजियो के साथ ही लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए.
क्या आगे बैटिंग कर पाएंगे राहुल?
अब सवाल है कि आगे क्या? क्या राहुल क्रैम्प्स के चलते आगे यानी गॉल टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतर पाएंगे? उनका दर्द अब कैसा है? इन सारे सवालों का जवाब देते हुए बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया कि केएल राहुल अब पूरी तरह से फिट हैं. उन्होंने ये भी कहा कि वो आगे बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं. हालांकि, RevSportz की रिपोर्ट की मानें तो दूसरे दिन के खेल में राहुल कब बल्लेबाजी पर उतरेंगे ये पूरी तरह से टीम की जरूरत पर निर्भर कर सकता है.
केएल राहुल 77 रन पर खेल रहे हैं. यानी अपने 13वें टेस्ट शतक से वो बस कुछ ही दूर हैं. गॉल टेस्ट में बल्लेबाजी के लिए फिट हो चुके राहुल अपने इस अधूरे शतक को जरूर पूरा करना चाहेंगे.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-sl-kl-rahul-is-fit-to-bat-in-galle-test-on-day-2-confirms-sitanshu-kotak-as-the-batting-coach-3881309.html