
India Tour of Sri Lanka: श्रीलंका पहुंचने से पहले टीम इंडिया से जुड़े कई अपडेट्स सामने आए. बुमराह बाहर हो गए, उनकी जगह टीम में जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को मिली. अब खबर है कि 3 और खिलाड़ी भी श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया से जुड़ चुके हैं. ये तीनों खिलाड़ी, हालांकि दौरे के लिए चुनी गई टीम इंडिया के 15 सदस्यीय दल का हिस्सा नहीं होंगे. बल्कि, इनका रोल अलग होगा. ये श्रीलंका में रहेंगे तो टीम इंडिया के साथ मगर किसी खास मकसद से. उन खिलाड़ियों ने टीम के श्रीलंका रवाना होने से पहले केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के साथ प्रैक्टिस भी की है.
टीम इंडिया से बतौर नेट बॉलर जुड़े
अब आप सोच रहे होंगे कि हम यहां किन तीन खिलाड़ियों की बात कर रहे हैं? उनके नाम हैं- हर्ष दुबे, तनुष कोटियान और विपराज निगम है. ये तीनों खिलाड़ी नेट बॉलर के तौर पर श्रीलंका में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे. हर्ष दुबे और तनुष कोटियान ने श्रीलंका रवाना होने से पहले केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के साथ मुंबई स्थित पूर्व क्रिकेटर जतिन परांजपे की क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस भी की.
तनुष कोटियान ने की राहुल-जायसवाल के साथ प्रैक्टिस
तनुष कोटियान ने क्रिकबज को बताया कि वो बांद्रा स्थित जतिन परांजपे की क्रिकेट एकेडमी में अक्सर प्रैक्टिस करते हैं. एकेडमी की पिच स्पिन फ्रेंडली है. उन्होंने ही बताया कि केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने भी इसी एकेडमी में प्रैक्टिस की. राहुल और जायसवाल ने हर तरह के गेंदबाजों के सामने प्रैक्टिस की. उनकी प्रैक्टिस का पूरा फोकस स्पिन को काउंटर करना रहा. उन्होंने लेफ्ट आर्म स्पिनर, लेग स्पिनर और ऑफ स्पिनर के सामने अपनी बल्लेबाजी को टेस्ट किया.
राहुल -जायसवाल का स्पिन के खिलाफ प्रैक्टिस पर जोर क्यों?
श्रीलंकाई पिचों का मिजाज स्पिन फ्रेंडली होता है. यही वजह है कि राहुल और जायसवाल की बैटिंग प्रैक्टिस का पूरा फोकस स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी पर रहा. श्रीलंकाई पिचों के मिजाज को आंकते हुए ही भारतीय टीम मैनेजमेंट ने तनुष कोटियान, हर्ष दुबे और विपराज निगम को भी टीम में बतौर नेट बॉलर जोड़ा है. ये फैसला तब लिया गया है जब श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम इंडिया में रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर जैसे मंझे हुए स्पिनर पहले से हैं.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-sl-tanush-kotian-harsh-dubey-vipraj-nigam-selected-as-net-bowlers-for-sri-lanka-tests-3870677.html