Ads Area

PAK vs WI: बाबर आजम ने कहा- ‘किताबी’, मौका मिलते ही पाकिस्तान के लिए जड़ा शतक, टेस्ट में पहली बार किया ऐसा

PAK vs WI: बाबर आजम ने कहा- ‘किताबी’, मौका मिलते ही पाकिस्तान के लिए जड़ा शतक, टेस्ट में पहली बार किया ऐसा

West Indies vs Pakistan, 2nd Test: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन बड़ा ही रोचक रहा. इस एक दिन में काफी घटनाएं हुईं, जिसमें सबसे कमाल रहा उस बल्लेबाज के बल्ले से निकला शतक, जिसे बाबर आजम ने किताबी कहा. हम बात कर रहे हैं अब्दुल्ला शफीक की, जो 10 महीने से पाकिस्तान की टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन में आने को तरस रहे थे और जब आए तो क्या खूब छाए. अब्दुल्लाह शफीक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ा. अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक.

अब्दुल्लाह शफीक की पोर्ट ऑफ स्पेन वाली पारी खास क्यों?

लेकिन, अब्दुल्लाह शफीक की वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन वाली पारी में स्पेशल क्या है? ऐसा क्या हुआ जो पहली बार देखने को मिला? अब्दुल्लाह शफीक का ये शतक कैसे उनके पिछले 4 शतकों से अलग रहा? इसका जवाब उनकी बैटिंग पोजिशन में छिपा है. अब्दुल्लाह शफीक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पहले और ओवरऑल 5वें टेस्ट शतक की स्क्रिप्ट पहली बार नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए लिखी है.

बाबर आजम ने क्यों कहा अब्दुलाह शफीक को ‘किताबी’?

पॉर्ट ऑफ स्पेन में चल रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अब्दुल्लाह शफीक 10 चौके और 2 छक्के के साथ 107 रन बनाकर नाबाद रहे. इयान बिशप के मुताबिक, बाबर आजम ने पाकिस्तान के सियालकोट से आने वाले अब्दुल्लाह शफीक को ‘किताबी’ निकनेम दिया है. इसलिए नहीं कि सियालकोट फैज अहमद फैज और अलामा इकबाल जैसे कवि और कहानीकारों का स्थान रहा है. बल्कि. इसलिए क्योंकि अब्दुल्लाह की बल्लेबाजी में भी क्रिकेट की किताब वाले सारे शॉट्स समाए हैं.

अब्दुल्लाह शफीक ने बाबर आजम के साथ जोड़े 168* रन

अब बाबर आजम ने जिसे किताबी कहा, उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक तो जड़ा ही, साथ ही उनके साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 168 रन की नाबाद पार्टनरशिप भी कर दी. कप्तान बाबर आजम दूसरे दिन 86 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों की पार्टनरशिप ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में फ्रंटफुट पर ला खड़ा किया है.

वेस्टइंडीज का बड़ा स्कोर, पाकिस्तानी स्पिनर का कमाल

वेस्टइंडीज की पहली पारी दूसरे दिन 344 रन पर सिमट गई, जो कि पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू जमीन पर 2005 के बाद उसका सबसे बड़ा टोटल है. वेस्टइंडीज की पहली पारी को 344 रन पर रोकने में पाकिस्तान के स्पिनर साजिद खान की भूमिका बड़ी रही, जिन्होंने 85 रन देकर 4 विकेट झटके. ये टेस्ट की पहली इनिंग में वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भी पाकिस्तानी स्पिनर का 2011 के बाद बेस्ट फीगर है.

मैच के नतीजे की गेंद फिलहाल पाकिस्तान के पाले में

पाकिस्तान ने पहली पारी में वेस्टइंडीज के 344 रन के जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 266 रन बना लिए हैं. अब तीसरे दिन अब्दुल्लाह और बाबर की पार्टनरशिप जितनी ज्यादा चलेगी, पाकिस्तान का उसमें उतना फायदा है. कुल मिलाकर पाकिस्तान उस स्टेज पर है जहां से वो दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज में बराबरी कर सकता है. फिलहाल, 2 टेस्ट की सीरीज में वेस्टइंडीज 1-0 से आगे है.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/west-indies-vs-pakistan-2nd-test-abdullah-shafique-score-century-in-his-comeback-test-babar-azam-called-him-kitabi-3870628.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad