Ads Area

UPT20 League: रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में पलटी बाजी, हारते हुए मैच में दिलाई जीत, ठोकी तूफानी फिफ्टी

UPT20 League: रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में पलटी बाजी, हारते हुए मैच में दिलाई जीत, ठोकी तूफानी फिफ्टी

टीम इंडिया में रिंकू सिंह की जगह को लेकर लगातार चर्चाएं और बहस जारी है. उन्हें कभी टी20 टीम में जगह मिल रही है तो कभी अचानक बाहर कर दिया जा रहा है. कई बार टीम में होने के बावजूद फिनिशर के रोल के लिए उन्हें चुना ही नहीं जा रहा. मगर इसके बावजूद रिंकू खुद को साबित करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं. अपनी समझदारी, हौसले भरी बैटिंग और फिनिशिंग का एक नजारा उन्होंने यूपी टी20 लीग में पेश किया, जहां मेरठ मैवरिक्स के लिए बतौर कप्तान रिंकू ने मैच जिताऊ पारी खेली.

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेली जा रही UPT20 लीग के नए सीजन के 8वें मैच में रिंकू सिंह के बल्ले का ये कमाल देखने को मिला. इस मैच में लखनऊ फालकन्स ने पहले बैटिंग की और 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 183 रन बनाए. लखनऊ के लिए अजीत वर्मा ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए, जबकि ओपनर मोहम्मद सैफ ने भी 45 रन की दमदार पारी खेली. इसके बाद बारी मेरठ की थी लेकिन टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह धराशायी हो गई.

हार की कगार पर खड़ी थी मेरठ

सिर्फ 22 रन पर टीम के शुरुआती तीनों बल्लेबाज पवेलियन लौट गए, जबकि 82 रन तक 5 विकेट गिर चुके थे. हार तय नजर आ रही थी लेकिन कप्तान रिंकू क्रीज पर थे तो उम्मीद बाकी थी. रिंकू ने एक छोर से पारी को संभालना शुरू किया और टीम को आगे बढ़ाते रहे. मगर जब 16 ओवर हो चुके थे तभी बारिश शुरू हो गई और इस वक्त तक मेरठ का स्कोर 128 रन ही था. टीम डकवर्थ लुइस नियम के हिसाब से तय स्कोर, 148 रन, को पार करने से 21 रन पीछे थी.

कप्तान रिंकू ने ऐसे पलटा पासा

ऐसे में मेरठ पर हार का खतरा मंडरा रहा था. फिर 17वें ओवर में कप्तान रिंकू ने मैच का रुख ही पलट दिया. इस ओवर की शुरुआती 4 गेंदों में ही रिंकू ने 3 छक्के और 1 चौका जमाते हुए 24 रन (दो एक्सट्रा) बटोरते हुए टीम को 152 रन तक पहुंचा दिया और DLS स्कोर से को पार कर दिया. इससे टीम की जीत पक्की हो गई. इसी वक्त पर बारिश तेज हो गई और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका. आखिरकार 16.5 ओवर में मेरठ मैवरिक्स ने 154 रन बनाए और DLS के हिसाब से 5 रन से ये मैच जीत लिया. रिंकू सिंह सिर्फ 24 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 6 छक्के थे.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/upt20-league-rinku-singh-smashes-half-century-meerut-mavericks-beat-lucknow-falcons-3884911.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad