
भारत हो या श्रीलंका या बांग्लादेश, भारतीय स्पिनर्स अक्सर यहां अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाते हैं. खास तौर पर अपने घरेलू मैदानों पर तो भारतीय स्पिनरों का कोई जवाब ही नहीं. मगर इन दिनों इंग्लैंड में भी भारत के फिरकी गेंदबाज अपने जाल में बल्लेबाजों को फंसा रहे हैं और टीम की सफलता में योगदान दे रहे हैं. इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में कहर बरपा रहे भारतीय स्पिनरों की छोटी लेकिन दमदार फेहरिस्त में आर साई किशोर भी हैं, जिन्होंने पारी में 5 विकेट लेकर ग्लूस्टरशर को एक दमदार जीत दिलाई. लगातार 6 मैच में हार के बाद ग्लूस्टर की ये पहली जीत है.
साई किशोर ने झटके 5 विकेट, टीम की जीत
ग्लूस्टरशर को ये जीत मिली डर्बीशर के खिलाफ. मैच के आखिरी दिन शनिवार 5 सितंबर को बाएं हाथ के भारतीय स्पिनर साई किशोर की घातक गेंदबाजी कम दम पर ग्लूस्टर ने दूसरी पारी में डर्बी को सिर्फ 105 रन पर ढेर कर दिया. इस तरह पॉइंट्स टेबल में सभी 8 टीमों में सबसे निचले स्थान पर चल रही ग्लूस्टर को सीजन में सिर्फ दूसरी जीत मिली. संयोग से दोनों ही जीत डर्बीशर के खिलाफ आई हैं. बस फर्क ये था कि इस बार साई किशोर भी टीम का हिस्सा थे और जीत के स्टार साबित हुए.
कुछ ही दिनों पहले ग्लूस्टरशर के लिए अपना डेब्यू करने वाले साई किशोर ने तीसरे मैच में ही जीत में बड़ा योगदान दिया. इस मैच में किशोर ने कुल 7 विकेट हासिल किए, जिसमें दूसरी पारी में लिए 5 विकेट सबसे खास थे. ये फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 15वीं बार था, जब साई किशोर ने पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए. वहीं पूरे मैच में साई किशोर ने कुल 7 विकेट लिए. उनके इस प्रदर्शन ने लगातार 6 मैच हार चुकी ग्लूस्टर को सीजन में सिर्फ दूसरी जीत दिलाई.
भारतीय स्पिनर बरसा रहे कहर
इंग्लैंड के फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट काउंटी चैंपियनशिप में इन दिनों कई भारतीय खिलाड़ी अपना दम दिखा रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा असर स्पिनर ही छोड़ रहे हैं. कुछ दिनों पहले सरे के लिए खेलते हुए लेग स्पिनर राहुल चाहर ने एक ही पारी में 6 विकेट लिए थे. इसके बाद अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी कमाल किया और नॉर्थैंप्टनशर के लिए पारी में 5 विकेट समेत मैच में 9 विकेट लिए. हालांकि टीम फिर भी नहीं जीत सकी. वहीं बाएं हाथ के युवा सनसनी मानव सुथार ने भी वॉरिकशर के लिए खेलते हुए 7 विकेट लिए और टीम को जीत लिाई.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/indian-spinner-r-sai-kishore-5-wickets-haul-gloucestershire-beat-derbyshire-county-championship-3899474.html