
इंग्लैंड के दौरे पर इस वक्त सिर्फ पाकिस्तान की सीनियर मेंस टीम ही नहीं है. बल्कि उसकी अंडर 19 टीम भी वहां सीरीज खेल रही है. इंग्लैंड U19 टीम के खिलाफ इकलौता टेस्ट तो पाकिस्तान हार गई थी. लेकिन, वनडे सीरीज की उन्होंने धमाकेदार जीत के साथ शुरुआत की है. 9 सितंबर को खेले पहले अंडर 19 वनडे में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को जितने बनाने नहीं दिए, उससे ज्यादा रन के अंतर से हरा दिया. पाकिस्तान U19 टीम ने पहला वनडे 177 रन से जीता, जिसके साथ ही 4 वनडे की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है.
पाकिस्तान ने इंग्लैंड से जीता पहला U19 वनडे
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 333 रन का विकराल लक्ष्य रखा था, जिसका पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 50 ओवर से काफी पहले ही ऑलआउट हो गई. इंग्लैंड की U19 टीम 35.1 ओवर में 155 रन बनाकर ऑलआउट हुई. इस तरह उसने 177 रन से मुकाबला गंवाया. मतलब, जितने रन बनाए नहीं, उससे ज्यादा से हारे.
इंग्लैंड की अंडर 19 टीम के लिए सबसे ज्यादा 71 रन मोइन अली के भतीजे इसाक मोहम्मद ने बनाए.
पाकिस्तान अंडर 19 टीम की ओर से डेब्यू करने वाले रिजवानुल्लाह ने 2 विकेट लिए. वहीं मोहम्मद सैयम ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
ओपनर और कप्तान ने पाकिस्तान के लिए जड़ा शतक
इससे पहले पाकिस्तान की अंडर 19 टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन बनाए थे. पाकिस्तान U19 की ओर से उसके ओपनर उस्मान खान और U19 कप्तान फरहान युसूफ ने शतक जड़ा. उस्मान खान ने 136 गेंदों पर 151 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वहीं फरहान युसूफ ने 133 गेंदों पर 115 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. इन दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 255 गेंदों पर 268 रन की पार्टनरशिप हुई, जिसने पाकिस्तान U19 को 332 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई.
इंग्लैंड U19 की ओर से सुभान अली ने सबसे ज्यादा विकेट लिए. उन्होंने 9 ओवर में 59 रन देकर 5 विकेट लिए. हालांकि गेंद से किए उनके इस प्रदर्शन का पाकिस्तान की U19 टीम की सेहत पर ज्यादा असर नहीं पड़ा. पाकिस्तान और इंग्लैंड की अंडर 19 टीम के बीच अब दूसरा वनडे 12 सितंबर को होगा.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/pakistan-beat-england-in-first-u19-odi-usman-khan-farhan-yousaf-star-with-century-3903053.html