
इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज अपने नतीजे पर पहुंच गई है. इस सीरीज को मेजबान इंग्लैंड ने 2-1 से जीत लिया है. वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 27 सितंबर को ओवल में खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने श्रीलंका को अपने खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी हार से दो-चार कराया. इंग्लैंड की ये बड़ी जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि इसकी स्क्रिप्ट उसने अपने व्हाइट बॉल कोच ब्रेंडन मैक्कलम के जन्मदिन पर लिखी थी. 27 सितंबर को यानी मुकाबले वाले दिन ही ब्रेंडन मैक्कलम ने अपना 45वां जन्मदिन मनाया. अब एक कोच के लिए इससे बड़ा तोहफा क्या हो सकता है कि उसकी टीम ने अपने विरोधी के खिलाफ सबसे बड़ी जीत दर्ज की.
इंग्लैंड की श्रीलंका पर सबसे बड़ी जीत
इंग्लैंड ने श्रीलंका को तीसरे और आखिरी वनडे में 223 रन से हराया. ये रनों के लिहाज से उसकी श्रीलंका पर अब तक कि सबसे बड़ी जीत है. इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 355 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम 50 ओवर तो दूर 30 ओवर भी क्रीज पर नहीं टिक पाई और 29.1 ओवर मों 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
बैंटन ने इंटरनेशनल करियर का जड़ा पहला शतक
इंग्लैंड की जीत में उसके बल्लेबाज टॉम बैंटन की बड़ी भूमिका रही, जिन्होंने 95 गेंदों पर शतक ठोका. ओपनिंग करने उतरे बैंटन की कुल इनिंग 105 गेंदों की रही, जिस पर उन्होंने 16 चौके और 5 छक्के की मदद से 126 रन बनाए. ये मौजूदा सीरीज में ही नहीं बल्कि टॉम बैंटन के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का भी पहला शतक है. इस दमदार पारी के लिए बैंटन को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
पहला शतक जड़ने में बैंटन को लगे 6 साल
टॉम बैंटन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम 2019 में ही रखा था. मगर उन्हें पहले शतक को जड़ने के लिए 6 साल का इंतजार करना पड़ा. इस शतक के साथ बैंटन श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने 3 वनडे में 69.66 की औसत से 209 रन बनाए हैं.
विल जैक्स को मिला ये अवॉर्ड
टॉम बैंटन ने सबसे ज्यादा रन बनाए, फिर भी उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का तमगा नहीं मिला. श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स को मिला, जिन्होंने 123 रन बनाने के अलावा 5 विकेट भी झटके.
कोच के जन्मदिन पर बड़ी जीत का तोहफा
इंग्लैंड ने श्रीलंका को पहले वनडे में 89 रन से हराया. लेकिन, दूसरे वनडे में पलटवार करते हुए श्रीलंका ने सीरीज में बराबरी कर ली. अब तीसरे और आखिरी वनडे में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 223 रन से हराया, जो कि श्रीलंका के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी और किसी टीम के खिलाफ रनों के लिहाज से 5वीं सबसे बड़ी जीत है. इसी के साथ इंग्लैंड ने ना सिर्फ सीरीज पर कब्जा किया बल्कि कोच ब्रेंडन मैक्कलम को बड़ी जीत का नायाब तोहफा भी दिया
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/eng-vs-sl-england-beat-sri-lanka-in-3rd-odi-win-series-tom-banton-century-will-jacks-3918874.html