
विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है. इसमें कोई हैरानी भी नहीं है. एशिया की सबसे मजबूत महिला क्रिकेट टीम के लिए इस टूर्नामेंट में खिताब से कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं हो सकता. ऐसे में सेमीफाइनल तो स्वाभाविक नतीजा है. मगर इसके बावजूद टीम इंडिया का ग्रुप स्टेज में सबसे अहम और सबसे पॉपुलर मुकाबला अब है. शनिवार 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच विमेंस एशिया कप का मैच खेला जाएगा. वहीं पाकिस्तान ये मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकती है.
भारत-पाकिस्तान का रिकॉर्ड
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पिछले 5-6 साल में भारत-पाकिस्तान के बीच कई मुकाबलों का गवाह बन चुका है. अब एक बार फिर फैंस को इस स्टेडियम में दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वियों और दो दुश्मन देशों की क्रिकेट टीम के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा. पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह बना चुकी टीम इंडिया के लिए ये मैच ग्रुप स्टेज में क्लीन स्वीप करने और पाकिस्तान के खिलाफ अपनी सफलता के सिलसिले को जारी रखने का मौका है.
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम जाहिर तौर पर इस मुकाबले में जीत की दावेदार के रूप में उतरेगी. इसकी वजह सिर्फ टीम इंडिया की मौजूदा फॉर्म ही नहीं बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ उसका दमदार रिकॉर्ड भी है. भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 में अभी तक कुल 17 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 14 बार टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है. दोनों के बीच खेले गए पिछले चारों मैच भारत ने जीते हैं. पाकिस्तान की सिर्फ 3 में से पिछली जीत 2022 में एशिया कप में ही आई थी.
हरमनप्रीत पर सारा फोकस
इस तरह टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ लगातार पांचवीं और कुल 15वीं जीत दर्ज करने के लिए उतरेगी. हालांकि, टीम की जीत के अलावा इस मैच में जिस बात पर सबसे ज्यादा नजर होगी, वो है कप्तान हरमनप्रीत की बैटिंग फॉर्म. हरमनप्रीत टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ही रनों के लिए संघर्ष कर रही हैं. इस एशिया कप में भी उनका बल्ला नहीं चला है. उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ सिर्फ 5 और सिंगापुर के खिलाफ 10 रन ही बनाए थे. ऐसे में सेमीफाइनल स्टेज से पहले हरमनप्रीत का बल्ला चलना जरूरी है.
दीप्ति हैं सफलता की गारंटी
वहीं टीम इंडिया की जीत बहुत हद तक इस बात पर भी निर्भर करेगी कि स्पिनर्स क्या कमाल करते हैं? खास तौर पर दीप्ति शर्मा, जिनका पाकिस्तान के खिलाफ प्रद्रशन अच्छा रहता है. पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 5 टी20 मैच में दीप्ति ने कुल 13 विकेट हासिल किए हैं, जिनमें से एक मैच में तो 5 विकेट ही झटक लिए थे. इनमें से 4 मैच भारतीय टीम जीती थी. ऐसे में एक बार फिर उनसे कमाल की उम्मीद होगी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/india-vs-pakistan-womens-asia-cup-2026-t20-match-details-head-to-head-record-3898676.html