
Shikhar Mohan in India A: झारखंड के सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ आखिरी दो चार दिवसीय मैचों के लिए पहली बार इंडिया ए टीम में बुलाया गया है. 21 साल के शिखर न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहला चार दिवसीय मैच खेलने के बाद वनडे टीम में शामिल होने वाले केएल राहुल की जगह लेंगे. ये बाएं हाथ का बल्लेबाज मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार फॉर्म में है, उसने लगातार दो शतक जड़े हैं. शिखर ने जमशेदपुर में केरल के खिलाफ 143 रन बनाए और फिर पुणे में महाराष्ट्र के खिलाफ मैच बचाने वाले 127 रन की पारी खेली.
मेंटर की तारीफ
शिखर मोहन के मेंटर और झारखंड के पूर्व क्रिकेटर ईशान जग्गी ने युवा खिलाड़ी की खूब तारीफ की है. उन्होंने कहा कि शिखर के लिए अगला कदम उठाने का ये बिल्कुल सही समय है. जग्गी ने बताया, ‘ये एकदम सही समय है. वह अच्छी फॉर्म में है. रणजी में दो शतक लगाए हैं. दलीप ट्रॉफी फाइनल और ईरानी ट्रॉफी में भी उसने शानदार प्रदर्शन किया था.’
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
शिखर ने 2025 26 के अपने डेब्यू सीजन में 55.73 की औसत से 613 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक शामिल थे. नए सीजन की शुरुआत भी उसने धमाकेदार तरीके से की. जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में केरल के खिलाफ झारखंड के पहले मैच में उसने 143 रन बनाए थे. इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने ईस्ट जोन के लिए दलीप ट्रॉफी फाइनल में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, दोनों पारियों में 85 और 52 रन बनाए. इसके बाद ईरानी ट्रॉफी में भी उसने रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए श्रीनगर की ग्रीन पिच पर 60 रनों की ठोस पारी खेली थी.
बड़ी पारियों में बदलने की चुनौती
जग्गी ने बताया कि शिखर मोहन पिछले चार पांच सालों से लगातार अच्छी फॉर्म में है और उसने आयु वर्ग क्रिकेट में भी दबदबा बनाया है. शिखर ने खुद माना है कि वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने में कभी कभी चूक जाता है, जिस पर वह जग्गी के साथ काम कर रहा है.शिखर ने याद किया, ‘गेंद का सामना करने से पहले, मैं खुद से बात करता हूं. मैं खुद को गेंद देखने और केंद्रित रहने की याद दिलाता हूं. इससे मुझे बहुत मदद मिली है.’ उसने जोड़ा, ‘जग्गी भाई ने भी इसमें मेरी मदद की, खासकर जब वह अंडर 19 टीम के साथ थे. मैंने एक समय में एक गेंद पर अधिक ध्यान देना शुरू किया. इस तरीके से मुझे वाकई बहुत मदद मिली है.’
हालांकि, ईशान को लगता है कि ये एक मानसिक बाधा है जिसका सामना खेल के महान खिलाड़ियों ने भी किया है. उन्होंने कहा, ‘हर कोई उस दौर से गुजरा है. लेकिन आपको ये समझना होगा कि वह लगातार 70 और 80 के स्कोर बना रहा है, जो कोई छोटी उपलब्धि नहीं है. वह अभी कच्चा है और उसे निखारा जा सकता है, और इसीलिए मैंने कहा कि ये बुलावा सही समय पर आया है.’ शिखर 26 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे और क्राइस्टचर्च में इंडिया ए टीम से जुड़ेंगे. दूसरा चार दिवसीय मैच 31 अक्टूबर से वहीं खेला जाएगा.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/shikhar-mohan-india-a-call-up-kl-rahul-replacement-3943130.html