
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में ही एक बार फिर भारत और न्यूजीलैंड टकराने वाले हैं. इसी मैदान पर पहले टी20 मैच में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की. अब शनिवार 24 अक्टूबर को हेगले ओवल में फिर से दोनों टीम आमने-सामने हैं. इस मैच से पहले भारतीय टीम ने शुक्रवार को नेट्स में जमकर अभ्यास किया. मगर भारतीय धुरंधरों के बीच इस दौरान न्यूजीलैंड के एक युवा गेंदबाज ने अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान खींचा. ये गेंदबाज थे सिर्फ 16 साल के मेसन मैकलाफलिन, जिन्होंने वैभव सूर्यवंशी को भी बोल्ड कर दिया.
सूर्यवंशी को बोल्ड कर चौंकाया
भारतीय टीम के सामने नेट गेंदबाज के रूप में आए मेसन मैकलाफलिन ने कई स्टार बल्लेबाजों को खूब गेंदबाजी की. रेवस्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस युवा गेंदबाज ने भारत के युवा सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ गेंदबाजी को चुनौतीपूर्ण बताया. हालांकि, इस दौरान एक बार मेसन ने सूर्यवंशी को क्लीन बोल्ड भी किया, जिसे उन्होंने अपनी बेहतरीन गेंदों में से एक बताया.
भले ही वैभव सूर्यवंशी उम्र में मेसन मैकलाफलिन से भी एक साल छोटे हों लेकिन वो लगातार 2 IPL सीजन खेल चुके हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू कर चुके हैं. अपने छोटे से करियर में ही उन्होंने दुनिया के लगभग हर बड़े गेंदबाज की जमकर धुनाई की है. उनका सामना करना किसी भी गेंदबाज के लिए आसान नहीं है. ऐसे में एक अनजान और छोटी उम्र का ही नेट बॉलर उन्हें बोल्ड करे तो ये हैरान करेगा ही.
Meet Mason McLaughlin — the 16-year-old who dismissed 15-year-old Vaibhav Sooryavanshi in the practice session and earned praise from Gautam Gambhir.
@IDFCFIRSTBank @rohitjuglan https://t.co/OLKJk63myE
— RevSportz Global (@RevSportzGlobal) October 23, 2026
अलग बल्लेबाज, अलग रणनीति
सिर्फ वैभव ही नहीं बल्कि मेसन मैकलाफलिन ने अभिषेक शर्मा को भी गेंदबाजी की. मगर मेसन ने दोनों के खिलाफ एक जैसी रणनीति नहीं अपनाई. मेसन ने बताया कि सूर्यवंशी को गेंदबाजी करते समय उन्होंने गेंद को सपाट रखने पर जोर दिया. वहीं, अभिषेक शर्मा के सामने उन्होंने अपने रन-अप, स्पीड और फ्लाइट में बदलाव करने की कोशिश की. इस युवा कीवी क्रिकेटर के लिए यह केवल नेट्स में गेंदबाजी करने का मौका नहीं था, बल्कि विश्व स्तर के बल्लेबाजों के खिलाफ अपनी रणनीति आजमाने का भी अनुभव था.
कोच गंभीर भी मेसन से प्रभावित
मेसन ने बताया कि पहली बार उन्होंने ऐसे वर्ल्ड चैंपियन बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी की. उन्होंने इस मौके को बेहद अच्छा अनुभव बताया. इस दौरान मिले अनुभव ने उनके आत्मविश्वास को काफी बढ़ाया. इतना ही नहीं, टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर भी उनकी गेंदबाजी से प्रभावित हुए और उन्होंने भविष्य में इस युवा खिलाड़ी पर नजर रखने का भरोसा दिलाया.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/vaibhav-sooryavanshi-clean-bowled-by-mason-mclaughlin-net-bowler-new-zealand-ind-vs-nz-t20-3943718.html