Ads Area

Chris Gayle: 5 साल बाद फिर वापसी के लिए बेताब क्रिस गेल, इस लीग में मचाएंगे गदर!

Chris Gayle: 5 साल बाद फिर वापसी के लिए बेताब क्रिस गेल, इस लीग में मचाएंगे गदर!

Chris Gayle: टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर क्रिस गेल एक बार फिर बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में चौकों-छक्कों की बरसात करते नजर आ सकते हैं. यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर गेल ने इस टी20 लीग में दोबारा खेलने की इच्छा जताई है. इस बात का खुलासा बांग्लादेश के पूर्व सलामी बल्लेबाज इमरुल कायेस ने किया है, जिनकी हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दौरान गेल से लंबी बातचीत हुई थी.

BPL में वापसी के लिए बेताब क्रिस गेल

क्रिकेट पोर्टल क्रिकफ्रेंजी से बातचीत में इमरुल कायेस ने गेल के साथ हुई बातचीत का खुलासा किया. कायेस ने बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दौरान गेल ने उनसे बीपीएल की मौजूदा स्थिति और आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से पूछा. कायेस के मुताबिक, जब मैंने गेल से पूछा कि क्या वो टूर्नामेंट में फिर से खेलना चाहेंगे, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा कि अगर मौका मिला तो वे निश्चित तौर पर बीपीएल में दोबारा खेलना चाहते हैं.

गेल ने ढाका शहर और बांग्लादेश के फैंस के प्रति अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बीपीएल में खेलना हमेशा से बेहद पसंद रहा है.कायेस ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले साल में बीपीएल का आयोजन और भी बड़े पैमाने पर किए जाने की योजना है, जिससे गेल जैसे दिग्गज के लिए एक बार फिर टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के मजबूत रास्ते खुल सकते हैं.

2017 फाइनल में खेली थी ऐतिहासिक पारी

बीपीएल के इतिहास में क्रिस गेल का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है. उन्होंने 2012 में बारीसाल बर्नर्स की ओर से पहली बार हिस्सा लिया था, लेकिन उनका सबसे यादगार प्रदर्शन 2017 में रंगपुर राइडर्स के लिए आया. 2017 के फाइनल में ढाका डायनामाइट्स के खिलाफ गेल ने सिर्फ 69 गेंदों पर नाबाद 146 रनों की पारी खेली थी. उस पारी में उन्होंने 18 छक्के जड़कर टी20 क्रिकेट का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था और रंगपुर राइडर्स को चैंपियन बनाया था.

वहीं, क्रिस गेल इस लीग में आखिरी बार साल 2021-22 के सीजन में खेले थे. हालांकि क्रिस गेल की ओर से खेलने की स्पष्ट इच्छा सामने आ चुकी है, लेकिन फिलहाल किसी फ्रेंचाइजी के साथ आधिकारिक करार या बोर्ड की तरफ से औपचारिक पुष्टि होना बाकी है. अगर आने वाले सीजन में बातचीत सकारात्मक रहती है, तो फैंस को एक बार फिर क्रिकेट के सबसे मनोरंजक खिलाड़ी का बल्ला गरजते देखने का मौका मिलेगा.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/chris-gayle-expresses-desire-to-return-bangladesh-premier-league-3936563.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad