
Shubman Gill Personal Net Bowlers On New Zealand tour: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की दौड़ और विदेशी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने के मिशन को साधने के लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने तैयारी का ऐसा रास्ता चुना है जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में शायद ही कभी देखा गया हो. आगामी न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली दो टेस्ट मैचों की अहम टेस्ट सीरीज से पहले गिल रेड बॉल प्रैक्टिस के लिए अपने साथ 4 से 5 पर्सनल नेट बॉलर्स लेकर जाएंगे. सबसे खास बात यह है कि गिल इन सभी गेंदबाजों के न्यूजीलैंड आने-जाने के हवाई टिकट, यात्रा और होटल में ठहरने का पूरा खर्च बीसीसीआई के बजाए अपनी निजी जेब से देंगे. किसी भारतीय टेस्ट कप्तान की ओर से अपने खर्च पर गेंदबाजों का दस्ता विदेश ले जाने का यह पहला मामला माना जा रहा है.
टेस्ट सीरीज के लिए गिल का बड़ा कदम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर शुरू होना है. टेस्ट सीरीज में अभी एक महीने से ज्यादा का वक्त है, लेकिन गिल परिस्थितियों से जल्द तालमेल बिठाने के लिए 23 या 24 अक्टूबर को ही न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भर लेंगे. न्यूजीलैंड जाने से पहले गिल 18 से 21 अक्टूबर तक न्यू चंडीगढ़ में छत्तीसगढ़ के खिलाफ पंजाब की ओर से रणजी ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला भी खेलेंगे.
इंडिया ए की टेस्ट सीरीज का हिस्सा न होने के कारण गिल वहां पहुंचकर स्थानीय पिचों पर अपने निजी गेंदबाजों के खिलाफ लंबे नेट सेशंस के जरिए तकनीक को निखारेंगे. इस दौरान वो वनडे सीरीज भी खेलते हुए नजर आएंगे.
शुरुआती 3 वनडे में कप्तानी, फिर टेस्ट की तैयारी
भारत के इस पूरे न्यूजीलैंड दौरे में 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मुकाबले शामिल हैं. लेकिन टेस्ट पर पूरा ध्यान देने के लिए भारतीय टीम मैनजमेंट ने कप्तानी को लेकर भी खास रणनीति बनाई है. शुभमन गिल 4 नवंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती 3 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे. इसके बाद वो आखिरी 2 वनडे मैचों से हटकर पूरी तरह रेड-बॉल प्रैक्टिस में जुट जाएंगे. उनकी गैरमौजूदगी में सीरीज के आखिरी दो वनडे मैचों में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम के कप्तान की भूमिका निभाएंगे.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-nz-team-india-captain-shubman-gill-personal-net-bowlers-on-new-zealand-tour-3937524.html