
टीम इंडिया के लिए स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस परेशानी का सबब बन गई है. आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के बाद से ही हार्दिक क्रिकेट एक्शन से दूर हैं. उन्हें IPL के दौरान चोट लगी थी, जिसके चलते वो 2-3 मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन सीजन खत्म होने के बाद से तो वो पूरी तरह बाहर हैं. उनकी वापसी कब होगी, ये अपने आप में एक पहेली साबित हो रहा है. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक अब सीधे IPL 2027 सीजन से ही वापसी करते हुए नजर आ सकते हैं.
ये 3 सीरीज नहीं खेल पाएंगे हार्दिक
हार्दिक पंड्या को हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टी20 और वनडे टीम में जगह नहीं मिली थी. वो पिछले कुछ महीनों से बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ही रिहैबिलिटेशन और ट्रेनिंग से गुजर रहे हैं. वहां सितंबर में मैच सिमुलेशन प्रैक्टिस के दौरान उनकी काफ (पिंडली) में स्ट्रेस इंजरी उभर आई थी, जिसके चलते उनकी वापसी फिर टल गई और दोबारा रिहैबिलिटेशन शुरू हो गया.
एक रिपोर्ट में ये खुलासा किया गया है कि अगले 3 हफ्तों के अंदर हार्दिक पंड्या हल्की दौड़ शुरू करेंगे, जिसके बाद धीरे-धीरे उनकी रनिंग का लोड बढ़ाया जाएगा और फिर क्रिकेट प्रैक्टिस की शुरुआत होगी. इसके चलते ही उनका दिसंबर-जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 और फिर जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना भी अब मुश्किल नजर आ रहा है. सात ही घरेलू व्हाइट बॉल टूर्नामेंट के लिए भी वो उपलब्ध नहीं रह पाएंगे.
वापसी में 3 बार आई रुकावट
आपको याद दिला दें कि IPL 2026 खत्म होने के बाद से ही कम से कम 3 बार हार्दिक पंड्या की टीम इंडिया में वापसी टली है. तीनों बार रिहैबिलिटेशन के दौरान ही उन्हें दोबारा चोट लगी है. इनमें से 2 बार तो उन्हें टीम में चुना भी गया था लेकिन फिर नाम वापस लेना पड़ा था. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या हार्दिक पंड्या सिर्फ 2 महीने के IPL सीजन के लिए ही फिट रहेंगे? अगर ऐसा है तो फिर वर्ल्ड कप 2027 में भारतीय टीम की योजनाएं किस तरह तैयार होंगी?
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/hardik-pandya-likely-return-in-ipl-2027-to-miss-sri-lanka-and-zimbabwe-odi-t20-series-3941123.html