
वेस्टइंडीज चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स 2026 का खिताब जीत लिया है. 18 अक्टूबर को शारजाह में खेले फाइनल में क्रिस गेल की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज चैंपियंस ने इंग्लैंड चैंपियंस को हरा दिया. वेस्टइंडीज की टीम ने 9 विकेट से WCL 2026 का फाइनल जीता. इंग्लैंड चैंपियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए थे. जवाब में 160 रन के लक्ष्य को वेस्टइंडीज चैंपियंस ने 17वें ओवर में ही 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया. ड्वेन ब्रावो फाइनल के हीरो रहे, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
फाइनल के हीरो… WCL 2026 में ब्रावो ने झटके 8 विकेट
इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ फाइनल में ड्वेन ब्रावो सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. फाइनल में झटके 3 विकेटों के साथ ही ब्रावो ने WCL 2026 में खेले 7 मैचों में कुल 8 विकेट लिए. ब्रावो का नाम सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भले ही चौथे नंबर पर रहा हो मगर उन्होंने फाइनल में अपना बेस्ट देकर बता दिया कि उनकी पहचान बड़े मैच विनर के तौर पर क्यों रही है.
View this post on Instagram
11 छक्के, 142 रन… WCL 2026 में क्रिस गेल का प्रदर्शन
अब सवाल है कि WCL 2026 में ट्रॉफी जीतने वाली वेस्टइंडीज चैंपियंस के कप्तान क्रिस गेल का प्रदर्शन कैसा रहा? गेल ने WCL 2026 में खेले 6 मैचों में 179.75 की स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए, जिसमें 11 छक्के और 12 चौके शामिल रहे. गेल ने इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ फाइनल में 14 गेंदों का सामना कर 2 छक्के की मदद से 21 रन बनाए. फाइनल में वेस्टइंडीज चैंपियंस का गिरा इकलौता विकेट उन्हीं का रहा.
सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा छक्के… चाडविक वॉल्टन के नाम
WCL 2026 में वेस्टइंडीज चैंपियंस के दो स्टार खिलाड़ियों- गेल और ब्रावो- ने क्या किया, वो तो आप जान गए. लेकिन, इस टीम को चैंपियन बनाने में उसके विकेटकीपर बल्लेबाज चाडविक वॉल्टन का बड़ा हाथ रहा, जिन्होंने इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ फाइनल में तो गर्दा मचाया ही, उसके अलावा WCL 2026 में भी सबसे ज्यादा रन बनाने और सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बने.
चाडविक वॉल्टन ने फाइनल में 35 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के शामिल रहे. फाइनल में खेली इस पारी के बाद उनके WCL 2026 में खेले 7 मैचों में 167.65 की स्ट्राइक रेट सेसबसे ज्यादा 342 रन बनाए. उन्होंने कुल 28 छक्के टूर्नामेंट में लगाए जो कि किसी भी बल्लेबाज के मुकाबले सबसे ज्यादा है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/west-indies-champions-beat-england-champions-win-world-championship-of-legends-2026-chris-gayle-dwayne-bravo-3939142.html